आगरालीक्स.. आगरा में पेट्रोल 5 रुपये सस्ता हो गया है, अब पेट्रोल और डीजल के नए रेट गुरुवार आधी रात से लागू हो रहे हैं, आगरा में पेट्रोल 77 50 रुपये प्रति लीटर तक मिलेगी, इसी तरह से डीजल के रेट भी पांच रुपये कम हो गए हैं।
गुरुवार को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को पेट्रोल-डीजल को 2.50 रुपये प्रति लीटर सस्ता किया जाने की घोषणा की। भाजपा शासित उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा, , मध्यप्रदेश, हरियाणा, असम, उत्तराखंड, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और हिमाचल प्रदेश ने भी 2.50 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल सस्ता किए जाने की घोषणा की। साथ ही राष्ट्रपति शासन के तहत जम्मू कश्मीर ने भी 2.50 रुपये प्रति लीटर वैट कम किए जाने की घोषणा की। इसके बाद आगरा सहित यूपी के अन्य शहर और अन्य राज्यों में गुरुवार आधी रात से पेट्रोल और डीजल 5 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो जाएगा।
अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद मीडिया को इस फैसले की जानकारी देते हुए जेटली ने कहा, ‘केंद्रीय एक्साइज ड्यूटी में प्रति लीटर 1.50 रुपये की कटौती की जाएगी। इसके अलावा तेल कंपनियां प्रति लीटर एक रुपये की कटौती करेंगी। इस तरह पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर 2.50 रुपये प्रति लीटर की कमी की जाएगी।’
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्रीय एक्साइज में कटौती से सरकार के राजस्व पर 10,500 करोड़ रुपये का भार पड़ेगा। जेटली ने कहा कि उन्होंने राज्य सरकारों से पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर 2.50 रुपये कम करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हम राज्य सरकारों को यह चिट्ठी लिखने जा रहे हैं कि केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल दोनों पर प्रति लीटर 2.50 रुपये की कटौती करने जा रही है, इसलिए उन्हें भी ऐसा करना चाहिए। पेट्रोल और डीजल पर लगने वाला वैट राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में आता है, जबकि एक्साइज ड्यूटी केंद्र सरकार के क्षेत्राधिकार में आने वाला कर है।