आगरालीक्स… आगरा में हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया जा रहा है, कल्याणकारी महिला समिति के तत्वावधान में 21 अक्टूबर को हो रहे हस्तशिल्प मेले में प्रदेश भर में बनने वाले विभिन्न हस्तशिल्प उत्पाद चमकेंगे। इन उत्पादों को मेले में लाने की तैयारी शिल्पकारों ने कर ली है। वहीं इससे पहले नवरात्र शुरू हो रहे हैं। ऐसे में समिति पदाधिकारियों ने मां आदि शक्ति से सभी के लिए आरोग्य, सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
21 अक्टूबर को आगरा क्लब में आयोजित होने जा रहे प्रदेश स्तरीय हस्तशिल्प मेले को लेकर कल्याणकारी महिला समिति की एक बैठक बुधवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल उद्यपी में हुई। इसमें मेले की तैयारियों पर चर्चा हुई। समिति अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि आगरा में लगने वाला यह मेला खास होगा। इसमें आगरा एवं आगरा के बाहर से अपने-अपने उत्पाद लेकर शिल्पकार आ रहे हैं। वहीं 10 अक्टूबर यानि मेले से ठीक पहले नौ दिन का नवरात्रि उत्सव शुरू हो रहा है। ऐसे में मां आदि शक्ति का आशीर्वाद भी प्राप्त होगा। मेला संयोजिका नीलिमा पाटनी ने बताया कि मेले में शिल्पियों द्वारा दर्जनों स्टाॅल लगाई जाएंगी, जिनमें सजावट की चीजें, कपड़े, पत्थर व धातुओं से बनीं वस्तुएं, एक्सेसरीज, गिफट आईटम्स जैसी चीजें शामिल होंगी। ये सभी सामान भारत की हस्तशिल्प और हस्तकलाओं की शानदार परंपरा की झलक दिखाने वाले होंगे। कोषाध्यक्ष सविता पालीवाल ने कहा कि हस्तशिल्प एक ऐसा हुनर है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति खासकर महिलाएं घर पर बैठे ही रोजगार प्राप्त कर स्वावलंबी बन सकती हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण भी कर सकती हैं। इस मेले का लाभ हस्तशिल्पियों को भी होगा, चूंकि वे इतनी मेहनत से जो सामान तैयार करते हैं उसे एक नई जगह प्रदर्शित किया जा सकेगा। इसके अलावा मेले के दौरान महिलाओं की कई प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी जिसमें विशेष रूप से फैंसी ड्रैस, डांस, कुकिंग, मेंहदी आदि प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। बच्चों के लिए एक खास प्ले एरिया बनाया गया है, जिसमें वह झूलों आदि का आनंद ले सकें। बैठक के बाद नवरात्रि उत्सव के अंतर्गत महिलाओं के लिए पजल गेम, तंबोला, अंताक्षरी, माता की भेंटें एवं भजन गायन आदि आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पुष्पा मेहरा, रीना गर्ग, शीला खण्डेलवाल, विमला आसोपा, शैलबाला अग्रवाल, शशि गोयल, सन्तोष गर्ग आदि मंचासीन रहीं।
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है उद्देश्य…..
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि कल्याणकारी महिला समिति आगरा में महिलाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए काम कर रही है। ऐसे में इस हस्तशिल्प प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना भी है। महिलाओं को इस मेले में आमंत्रित किया गया है ताकि अपनी रूचि अनुसार वह अपने लिए सामग्री का चयन कर उसके निर्माण की कला सीखें और स्वरोजगार के प्रति आकर्षित हों। उन्होंने बताया कि मेले में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा, जिसमें बीएमडी, बीएमआई के साथ ही ब्रेस्ट स्क्रीनिंग की जाएगी। पर्यावरण सुरक्षा के लिए महिलाओं को प्रेरित करने के लिए कपड़े के थैलों का वितरण किया जाएगा। जो भी महिलाएं मेले में बीएमआई, बीएमडी, ब्रेस्ट स्क्रीनिंग जांचें कराना चाहें, प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहें या जो लोग स्टाॅल लगाना चाहें वह समिति अध्यक्ष अशु मित्तल से मो. नंबर 9319102686 पर संपर्क कर सकते हैं।