आगरालीक्स…आगरा के सिकदंरा थाना पुलिस की हिरासत में की गई राजू गुप्ता की हत्या के 43 दिन बाद आरोपी इनामी दरोगा ने शुक्रवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
आगरा में 22 नवंबर 2018 को गैलाना रोड स्थित नरेंद्र एंक्लेव निवासी राजू गुप्ता की पुलिस हिरासत में मौत के आरोप लगे थे। इस मामले में राजू की मां रेनूलता ने अंशुल और विवेक को नामजद कराया था। राजू की हत्या के बाद से सिकंदरा थाना का बुलंदशहर के अगौता निवासी प्रशिक्षु दरोगा अनुज सिरोही फरार था। पुलिस ने दरोगा अनुज सिरोही की गिरफ्तारी पर 25 हजार का ईनाम घोषित किया है।
सीएम के आने से पहले कोर्ट में सरेंडर
राजू हत्याकांड तूल पकडता जा रहा है, व्यापारी संगठन राजू के हत्यारोपियों को अरेस्ट करने की लगातार मांग गर रहे हैं, ऐसे में शुक्रवार दोपहर में सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा आ रहे हैं, उनके आने से पहले ही आरोपी दरोगा अनुज सिरोही ने आगरा के दीवानी कोर्ट में सरेंडर कर दिया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह था मामला
18 नवंबर 2018 को गैलाना रोड स्थित नरेंद्र एंक्लेव निवासी अंशुल परिवार सहित बाहर गया था। उसके घर से ज्वैलरी गायब हो गया, उसने राजू पर शक जाहिर किया। थाने में केस दर्ज नहीं हुआ था। न ही कोई तहरीर थी। शक के आधार पर ही पुलिस राजू को उठा ले गई थी। 22 नवंबर को राजू की मौत हो गई थी।