आगरालीक्स आगरा में लोकसभा चुनाव से पहले बसपा में बडा बदलाव, बसपा के जिलाध्यक्ष डॉ भारतेंद्र अरुण को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह रवींद्र पारस वाल्मीकी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। डॉ भारतेंद्र अरुण को मंडल जोन इंचार्ज बनाया गया है और बाह विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है।
आगरा में बसपा ने लोकसभा चुनाव से पहले बडा बदलाव किया है, यह बदलाव क्यों किया गया है इसे लेकर तमाम तरह की चर्चाएं चल रहीं हैं। नगर निगम चुनाव में हार के बाद प्रमोद रैना को अध्यक्ष पद से हटाने के बाद डॉ भारतेंद्र अरुण को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। लोकसभा चुनाव के लिए बसपा ने आगरा सीट से हाथरस से चुनाव लड चुके मनोज सोनी और पफतेहपुर सीकरी सीट से पूर्व सांसद सीमा उपाध्यक्ष को प्रभारी बनाया गया है। ये दोनों प्रचार कर रहे हैं, आगरा सुरक्षित सीट को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं चल रहीं थी। ऐसे में 15 जनवरी को जीआईसी मैदान में राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के जन्मदिन समारोह की तैयारियों के दौरान ही जिलाध्यक्ष को हटाए जाने की चर्चाएं तेज हो गईं थी।

जिलाध्यक्ष के साथ तीन लोगों की टीम
बसपा के मुख्य जोन इंचार्ज संतोष आनंद द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देशानुसार डॉ भारतेंद्र अरुण को जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है, उनकी जगह रवींद्र पारस वाल्मीकी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इनके साथ देवी सिंह जाटव, ग्याप्रसाद कुशवाह और धीरज बघेल को मंडल जोन इंचार्ज के पद पर नियुक्त किया गया है।
वाल्मीकी वोट बैंक में सेंध कोशिश
बसपा ने रवींद्र पारस वाल्मीकी को जिलाध्यक्ष बनाकर वाल्मीकी वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की है। सपा बसपा के गठबंधन के बाद एससी और ओबीसी के पूरे वोट को लेने के लिए बदलाव किए जा रहे हैं।