आगरालीक्स ..आगरा में बसपा में आगरा सुरक्षित सीट के लिए होर्डिंग वार शुरू हो गया है, बाहरी प्रत्याशी को चुनाव लडाने के विरोध में पूर्व में चुनाव लड चुके कुंवर चंद वकील के होर्डिंग लगा दिए गए र्हैं। इसमें लिखा गया है कि बहन जी को पुनर्विचार करना चाहिए, अभी नहीं तो कभी नहीं, कुंवर चंद वकील को बसपा की सीट जिताने वाला बताते हुए आगरा सुरक्षित सीट से घोषित प्रत्याशी मनोज सोनी को बदलने की मांग की गई है। इसके बाद से बसपा में दोबारा गुटबाजी शुरू हो गई है।
लोकसभा चुनाव के लिए सपा बसपा के गठबंधन से स्थिति मजबूत हुई है, आगरा सुरक्षित और फतेहपुर सीकरी सीट बसपा को मिलना तय है, ऐसे में बसपा से चुनाव लडने के दावेदार सक्रिय हो गए हैं। मगर, संगठन ने आगरा सुरक्षित सीट से हाथरस से चुनाव लड चुके मनोज सोनी को प्रभारी बना दिया है। इसके बाद से विरोध चल रहा है, मनोज सोनी को बाहरी प्रत्याशी बताते हुए विरोध हो रहा है। इसे लेकर होर्डिंग लगा दिए गए हैं। इन होर्डिंग पर बसपा से पिछला लोकसभा चुनाव लड चुके कुंवर चंद वकील को प्रत्याशी बनाने की मांग की गई है, उन्हें सबसे अच्छा प्रत्याशी बताते हुए मनोज सोनी की जगह उन्हें प्रत्याशी बनाने के लिए कहा गया है।
ये है कहना
इस मामले में मीडिया से जोन कोआर्डिनेटर सुनील चित्तौड का कहना है कि यह अनुशासनहीनता है, सडक पर इस तरह के होर्डिंग नहीं लगाने चाहिए। वैसे भी पार्टी तय करती है कि कौन प्रत्याशी होगा।
कुंवर चंद वकील का कहना है कि यह आगरा के बसपा कार्यकर्ता कह रहे हैं कि मुझे प्रत्याशी बनाया जाए, जिसे प्रत्याशी बनाया गया है, उसने आगरा नहीं देखा है, बहनजी से मिलने पर पुनर्विचार के लिए कहा जाएगा।