आगरालीक्स…आगरा में सीबीएसई की 12 वीं की बोर्ड परीक्षा में पेपर को देख छात्रों ने राहत की सांस ली, पहले दिन अंग्रेजी का पेपर था, पेपर सामान्य रहा। वहीं परीक्षा केंद्र डीपीएस में पांच मिनट देरी से पहुंचने पर छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। इससे आक्रोशित छात्रों ने हंगामा किया।
शनिवार से सीबीएसई की 12 वीं की परीक्षा शुरू हुई, पहले दिन अंग्रेजी की परीक्षा थी। श्रीदेवी विद्यापीठ किरावली के 12वीं के छात्र-छात्राओं का केंद्र दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), शास्त्रीपुरम में पडा है । सीबीएसई की ओर से सुबह 10 बजे तक परीक्षार्थियों को केंद्र में शामिल कराने के निर्देश हैं। डेटशीट में परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक निर्धारित है। डीपीएस परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी विधि, आदित्य यादव, गरिमा शर्मा, गौरव कुमार और भावना शर्मा सुबह 10:05 बजे केंद्र पर पहुंचे। इन्हें प्रवेश नहीं दिया। परीक्षार्थियों का कहना है कि कुछ देर तक उन्होंने गेट पर इंतजार किया। गेट न खोले जाने पर वो कूदकर अंदर चले गए। आरोप है कि उन्हें एक घंटे तक केंद्र के अंदर बैठाए रखा गया, इसके बाद बाहर भेज दिया गया। परीक्षा नहीं दिलाई गई।
बाहर पहुंचकर छात्राएं रोने लगीं।
देर से पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा में किया शामिल
जगदीश प्रसाद शर्मा इंटर कॉलेज, सरैंधी, खेरागढ़ के केंद्र व्यवस्थापक ने डीआईओएस की सहमति से एक घंटे देरी से पहुंचने के बाद भी परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल कराया।
फोटो आगरा के एक परीक्षा केंद्र से 12 वीं की परीक्षा देकर बाहर निकलती छात्राएं