आगरालीक्स… आगरा में बीएड छात्र हनी ट्रैप का शिकार हो गया, होटल में कमरा बुक करा दिया, हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर बीएड छात्र से 40 हजार रुपये एकाउंट में जमा करा लिया। छात्र ने साइबर सेल में शिकायत की है।
आगरा के छत्ता क्षेत्र के बीएड छात्र की फेसबुक प्रोफाइल पर 24 मार्च को लंदन की कैथरीन गोल्ड के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद फेसबुक मैसेंजर पर चैटिंग शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद वाट्सएप पर चैटिंग होने लगी। युवती ने चैटिंग में कहा कि वह मिलना चाहती है आगरा में उसके लिए होटल में कमरा बुक करा दो। छात्र ने एक होटल में जाकर उसके रूम का फोटो उसे वाट्सएप पर भेज दिया। इसके बाद उसने आने की कह दी। कुछ दिन बाद युवती ने कहा कि वह गिफ्ट भेज रही है। रिसीव कर लेना। कोरियर की स्लिप भी उसने वाट्सएप पर भेज दी। आठ अप्रैल को चेन्नई की कोरियर कंपनी से छात्र के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाली युवती ने कहा कि कोरियर के 19500 रुपये खाते में जमा करा दो।
68 हजार रुपये जमा कराने की मांग पर हुआ शक
उसके कहने पर छात्र ने 19500 रुपये जमा करा दिए। इसके बाद फिर से कॉल करके कहा कि पैकेट में इलेक्ट्रॉनिक सामान और 20 हजार पाउंड हैं। 68 हजार रुपये और जमा कराने होंगे। दोस्तों की मदद लेकर उसने तीस हजार और जमा करा दिए। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। युवक ने साइबर सेल में शिकायत की है।
इस तरह बना रहे शिकार
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर शातिरों ने फेसबुक पर युवतियों के नाम से फेक आइडी बना रखी हैं। प्रोफाइल पर सुंदर युवतियों के फोटो लगा रखे हैं। ये पहले चैटिंग कर जाल में फंसाते हैं। इसके बाद लोगों से तरह-तरह के बहाने बनाकर ठगी करते हैं। इसीलिए फेसबुक पर अंजान फेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।