आगरालीक्स… आगरा में गर्मी की तरह मतदान से छह दिन पहले चुनावी तपिश दिखाई दे रही है। फतेहपुर सीकरी प्रत्याशी राज बब्बर और आगरा प्रत्याशी प्रीता हरित ने अपना स्थानीय घोषणा पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने एसएन को एम्स का दर्जा देने की मांग से लेकर आलू के बीज और प्रोसिंग यूनिट लगाने के वायदे किए।
शुक्रवार को हरियाली वाटिका में कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के रोड शो से पहले कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों द्वारा स्थानीय घोषणा पत्र जारी किया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष फतेहपुर सीकरी प्रत्याशी राज बब्बर ने कहा कि आगरा का सांसद रहते हुए और चुनाव लडते समय आगरा के विकास की कई योजनाएं लेकर आए, लेकिन भाजपा सरकार में यह योजनाएं दब गईं। इन्हें पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
सेना के प्रतीको के इस्तेमाल पर लगे रोक
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सेना, सेना के प्रतीकों के इस्तेमाल पर रोक लगाने और आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने नमो लिखे भोजन के पैकेट वितरित करने के सवाल पर कहा कि नमो हो गए हैं हलवाई। पहले नमो चाय वाले थे, लेकिन अब हलवाई हो गए हैं। आगरा में कई हलवाई प्रसिद्ध हैं, लेकिन नमो हलवाई अब इंटरनेशनल हो गए हैं।