आगरालीक्स… आगरा में चेन लूटने वाले चोरों ने अपने गिरोह में ज्वैलर भी शामिल कर लिया, ज्वैलर इशारा कराता था कि महिला की गले की चेन सोने की है, चोर चेन लूट कर भाग जाते थे, आर्टिफिशियल चेन के बढते चलन को देखते हुए शातिर चोरों ने गिरोह में ज्वैलर को भी मिला लिया, पुलिस ने दो चेन लुटेरों को अरेस्ट किया है।
आगरा के जगदीशपुरा के गढ़ी भदौरिया में पिछले दिनों पैदल जा रही नेहा अग्रवाल से बाइक सवार लुटेरों ने सोने की चेन लूट ली थी। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में लुटेरों की तस्वीर मिल गई। इसके आधार पर पुलिस ने सिकंदरा के दहतोरा निवासी चंद्रकांत उर्फ कांता और बिचपुरी निवासी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया।
ज्वैलर से सोने की चेन की तस्दीक के बाद लूट
रविवार को एसपी सिटी प्रशांत वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरोह का सरगना कांता है। वह चांदी लूट में शाहगंज थाने से जेल भेजा गया था। चार माह जेल में रहने के बाद 40 दिन पहले वह रिहा हुआ। पहले वह जेल में बंद दीपा के गिरोह में था। जेल से छूटने के बाद उसने अपना अलग गिरोह बना लिया। आर्टिफिशियल ज्वैलरी और सोने में पहचान के लिए उन्होंने बोदला निवासी सुनार मूलचंद्र को साथ रख लिया था। वह स्कूटी से लुटेरों के साथ बैठकर आगे चलता था। महिला के गले पर नजर करके वह देख लेता था कि चेन सोने की है या नहीं। उसका इशारा मिलने के बाद ही पीछे चल रहा चंद्रकांत चेन लूट लेता था। रवि तेज रफ्तार में बाइक चला लेता है। इसलिए उसी के पीछे चंद्रकांत बैठकर लूट करता था।
40 दिन में लूटी 12 चेन
चंद्रकांत ने पूछताछ में बताया कि वह 40 दिन में 12 चेन लूट चुका है। छह घटनाओं के उसे स्थल याद हैं, अन्य घटनास्थल याद नही हैं। शातिरों से चार सोने की चेन बरामद कर ली हैं। इनमें से दो जगदीशपुरा क्षेत्र से लूटी गई थीं। एक-एक चेन सिकंदरा और हरीपर्वत से लूटी थीं। लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर जगदीशपुरा प्रवेश कुमार, एसआइ हेमेंद्र सिंह, मोहित और सुधीर शामिल रहे।