आगरालीक्स.. आगरा में धरती की कोख सूख रही है,300 फीट पर भी पानी नहीं है। ऐसे में बारिश से पहले भाजपा विधायक फावडा लेकर तालाब की खुदाई कराने में जुटी हैं, उन्होंने शनिवार को बाह के एक गांव में तालाब की खुदाई कराई।
आगरा में भूगर्भ जलस्तर गिरता जा रहा है, शहर के साथ ही देहात में बुरे हालात हैं। यहां भूगर्भ जल ज्यादा निचाई पर खारा है, इससे पीने के पानी की समस्या आ गई है। इससे बचा जा सकता है इसके लिए बारिश के पानी का संरक्षण किया जाए तो भूगर्भ जलस्तर बढ सकता है। बारिश में तालाबों में पानी इकट्ठा हो जाए तो जल स्तर को बढाया जा सकता है। मगर, शहर और देहात के तालाब गंदगी से अटे पडे हैं, तमाम तालाबों पर लोगों ने कब्जा कर रखा है।
फावडा लेकर तालाब की खुदाई कर रहीं विधायक
इन हालातों में आगरा के बाह से भाजपा विधायक पक्षालिका सिंह ने हाथ में फावडा उठा लिया है। वे गांव गांव में लोगों में अलख जगा रहीं हैं, तालाबों की खुदाई खुद फावडा लेकर शुरू कर रही हैं। इसके बाद जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से तालाबों की खुदाई करा रहीं हैं। उनका कहना है कि एक छोटे प्रयास से बडा बदलाव लाया जा सकता है। इसी उददेश्य के साथ तालाब की खुदाई शुरू की गई है, समय कम है लेकिन प्रयास जारी रहने चाहिए। तालाबों की खुदाई हो जाए तो उसमें बारिश का पानी भरा जा सकता है। यह कई महीने तक लोगों के काम आ सकता है। इसी तरह से शहर और देहात में लोग अपने घर पर भी बारिश के पानी से वाटर रीचार्ज कर सकते हैं।