आगरालीक्स.. आगरा की पॉश कॉलोनी में पीएनजी लाइन फटने से दहशत फैल गई। ग्रीन गैस की टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।
मंगलवार को आगरा की लॉयर्स कॉलोनी में नगर निगम की टीम जेसीबी से नाले की सफाई कर रही थी, इससे पीएनजी पाइप लाइन फट गई, उसमें से रिसाव होने लगा। स्थानीय लोगों ने पीएनजी रिसाव होने की सूचना ग्रीन गैस के कार्यालय में दी, वहां से टीम भेजी गई, गैस के रिसाव के कारण पानी के बुलबुले बनने से लोग दहशत में आ गए।
आग लगाकर किया चेक
स्थानीय लोगों ने पीएनजी का रिसाव चेक करने के लिए माचिस की तिल्ली जलाकर डाल दी, इससे कुछ देर के लिए आग लग गई, यह बाद में बुझ गई। जिस जगह से पीएनजी का रिसाव हो रहा है, उसे बैरीकेट करने के सा ही आस पास फायर एक्सटिन्ग्यूसर रख दिए गए हैं।

तीन दिन पहले ताजगंज में क्षतिग्रस्त हो गई थी पीएनजी लाइन
आगरा में एलपीजी की जगह कई क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस पीएनजी की सप्लाई हो रही है। शनिवार दोपहर में फतेहाबाद रोड पर जेसीबी की खुदाई के दौरान पीएनजी पाइप लाइन पफट गई। पीएनजी लाइन फटने और लीकेज होने की सूचना से हडकंप मच गया, स्थानीय लोग भाग खडे हुए। दुकानें बंद हो गईं।
पुलिस और दमकल कर्मी पहुंचे
पीएनजी पाइप लाइन फटने की सूचना पर पुलिस और दमकल कर्मी पहुंच गया, लोगों को आस पास से हटा दिया। इसके बाद यातायात रोक दिया गया। ग्रीन गैस लिमिटेड के कर्मचारियों द्वारा सप्लाई बंद करने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्मार्ट सिटी के काम के चलते फटी पीएनजी लाइन
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में स्मार्ट सिटी का काम चल रहा है, शनिवार दोपहर में स्मार्ट सिटी के कार्य के लिए जेसीबी खुदाई कर रही थी, इसी दौरान पीएनजी पाइप लाइन फट गई। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पीएनजी बहुत हल्की होती है, यह हवा में उड जाती है, इससे आग लगने की आशंका बहुत कम रहती है, इसे भी कंट्रोल किया जा सकता है।