आगरालीक्स.. आगरा के एसएसपी जोगेंद्र सिंह ने हेलमेट के बिना पेट्रोल देने पर रोक लगा दी है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में इसकी जांच की जाएगी, कैश की जगह कार्ड स्वैप कर पेट्रोल का भुगतान करने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए कहा है।
बुधवार को एसएसपी जोगेंद्र सिंह ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की, उन्होंने हेलमेट और गाडी पर नंबर ना होने पर पेट्रोल ना देने के लिए कहा है। इसका 27 जून से सख्ती से पालन किया जाएगा, इसके लिए पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी चेक किए जाएंगे। एसएसपी ने कहा है कि सीसीटीवी इस तरह से लगाए जाएं जिससे पेट्रोल पंप पर आने वाली गाडी स्पष्ट दिखाई दे, उसके नंबर भी दिखाई दें। सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग एक महीने तक देखी जा सके।
कैशलेस ट्रांसजेक्शन को दें बढावा
अभी पेट्रोल पंप पर अधिकांश लोग कैश में भुगतान करते हैं, पेट्रोल पंप पर एक कर्मचारी पेट्रोल डालता है तो दूसरा कैश लेता है। इस कैश को पेट्रोल पंप पर आने वाले लोग देखते हैं इससे लूट की घटनाएं होने की आशंका रहती है। इससे बचने के लिए पेट्रोल डलवाने वालों को कैशलैस भुगतान के लिए प्रेरित किया जाए। वे अपने एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड सहित अन्य विकल्प के माध्यम से पेट्रोल का भुगतान कर सकते हैं, यह बताया जाए। उन्होंने पेट्रोल पंप पर सुरक्षा पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा है।