आगरालीक्स.. आगरा में इनर रिंग रोड टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों के साथ मारपीट और फायरिंग में सांसद राम शंकर कठेरिया के दो सुरक्षा कर्मी अरेस्ट किए गए हैं। घटना के 24 घंटे बाद सीससीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने इटावा से सांसद और एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ राम शंकर कठेरिया की सुरक्षा में लगे सिपाही पिंकू उपाध्याय और विपिन को निलंबित कर दिया था। इस मामले में टोलकर्मियों की तहरीर पर दर्ज किए गए मुकदमे में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया को भी नामजद किया गया है।
आगरा के दो बार के सांसद और वर्तमान में इटावा से भाजपा सांसद व एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ राम शंकर कठेरिया सात जुलाई को काफिले के साथ दिल्ली से इटावा जा रहे थे। इनर रिंग टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों ने उनके काफिले को रोक लिया, इसे लेकर विवाद हो गया। इस मामले में टोल प्लाजा के शिफ्ट इंचार्ज अनुपम सिंह ने थाना एत्मादपुर में दी तहरीर में आरोप लगाए थे कि सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया के सुरक्षाकर्मियों ने मारपीट की और फायरिंग की, सुबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज दिए थे। इस मामले में थाना एत्मादपुर में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। सीसीटीवी फुटेज से मारपीट और फायरिंग करने के वाले सांसद की सुरक्षा में चल रहे सुरक्षाकर्मियों को चिन्हित किया गया, इसके बाद एसएसपी बबलू कुमार ने सुरक्षाकर्मी सिपाही पिंकू उपाध्याय और विपिन कुमार को निलंबित कर दिया था।
थाना एत्मादपुर पुलिस ने किया अरेस्ट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को सिपाही पिंकू उपाध्याय और विपिन कुमार को एत्मादपुर पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। थाना प्रभारी विकास तोमर का मीडिया से कहना है कि दोनों सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

