आगरालीक्स ..आगरा में कोरोना के 27 मामले सामने आए हैं, इससे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 667 पहुंच गई है।
आगरा में बुधवार को कोरोना के 27 नए मामले आने से कुल संख्या 667 पहुंच गई है। इसमें निजी अस्पताल मे भर्ती मरीज शामिल हैं, इनकी निजी लैब पर कराई गई जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। एक गर्भवती, थोक दवा कारोबारी के साथ ही पति पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। ये सभी अलग अलग क्षेत्र के कोरोना संक्रमित मरीज हैं।

398 का चल रहा इलाज, 269 डिस्चार्ज
कोरोना संक्रमित 398 मरीजों का इलाज चल रहा है, इन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज, हिंदुस्तान कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। कुछ मरीजों को केजीएमयू भी रेफर किया जा चुका है। वहीं, कोरोना से ठीक होने के बाद मरीजों को डिस्चार्ज भी किया जा रहा है। अभी तक 269 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।

महिला सिपाही की मौत, कोरोना की पुष्टि
आगरा में महिला सिपाही की मौत के बाद शव कार में रखा रहा, कोरोना की पुष्टि होने के बाद कार से किसी ने शव बाहर नहीं निकाला। महिला सिपाही की दो मई को डिलीवरी हुई थी, इसके बाद से ही सर्दी जुकाम और बुखार आ रहा था। तबीयत बिगडने पर परिजन इलाज के लिए लेकर गए, रास्ते में ही मौत हो गई।
सिकंदरा केके नगर में अपनी ससुराल आइ कानपुर में तैनात महिला सिपाही की दो मई को लेडी लॉयल में डिलीवरी हुई, उसके कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिए गए और छुटटी कर घर भेज दिया। उसे बुखार के साथ ही सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। बुधवार की सुबह उसकी हालत बिगड गई। परिवार के लोग उसे हाईवे स्थित एक अस्पताल में लेकर गए। वहां उसे भर्ती नहीं किया गया। इसी दौरान महिला सिपाही ने कार में ही दम तोड़ दिया। वे घर आ गए, उसी समय जानकारी मिली की महिला सिपाही की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे लोग दहशत में आ गए। महिला सिपाही का शव कार में ही रखा रहा। महिला के शव को सैनेटाइज कर पैक करने के बाद अंतिम संस्कार कराने के लिए टीम का इंतजार होता रहा, कोई कार से शव निकालने के लिए आगे नहीं आया।

रोडवेज कर्मी की मौत
अवधेशपुरी निवासी 50 साल के रोडवेज बस के ईदगाह डिपो पर तैनात कंडक्टर सिकंदरा क्षेत्र में हाइवे स्थित अस्पताल में भर्ती किया था, उनकी तबीयत बिगडने पर वेंटीलेटर पर रखा गया, निजी लैब से जांच कराई गई। इसमें कोरोना की पुष्टि होने पर मंगलवार रात को एसएन के आइसोलेशन वार्ड में रेफर कर दिया। एसएन में देर रात उनकी मौत हो गई।