आगरालीक्स …आगरा में कोरोना को कंट्रोल करने के लिए सख्ती की गई है, सडकों पर पुलिस ही दिखाई दे रही है, फल सब्जी के ठेले सीमित कर दी हैं, बेवजह बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई की गई, चालान किए गए हैं।
आगरा में कोरोना के केस 756 पहुंच चुके हैं, कोरोना के केस लगातार बढने के बाद सख्ती की गई है। पुलिस ने सुबह से ही बाहर निकलने वालों लोगों की चेकिंग की, पास चेक करने के साथ ही घर से बाहर निकलने का कारण भी पूछा। ऐसे में जो लोग कारण नहीं बता पाए उनके साथ ही सख्ती की गई। चालान भी किए गए।
एक ही परिवार के 10 लोग पॉजिटिव
आगरा के महर्षिपुरम, सिकंदरा के ईश्वर नगर में महिला पुलिस कर्मी की लेडी लॉयल में डिलीवरी के बाद घर भेज दिया था, वहां उनके सैंपल लिए गए थे। महिला पुलिस कर्मी कानपुर में तैनात हैं, वह गर्भवती थी और अप्रैल में अपनी ससुराल ईश्वर नगर में आ गईं थी। छह मई को महिला पुलिस कर्मी की तबीयत बिगडने पर ससुरालीजन उन्हें अपनी कार से लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, इसी दौरान कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आ गई, रास्ते में ही महिला पुलिस कर्मी की मौत हो गई। चार घंटे तक कार में शव रखा रहा, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
पति, दो साल के बेटे सहित 10 पॉजिटिव, आठ की आनी है रिपोर्ट
महिला पुलिस कर्मी के परिजनों के सैंपल लिए गए। इसमें से उनके पति, दो साल के बेटे, ननद, नंदोई, दो देवर, चचिया ससुर, महिला पुलिस कर्मी के पिता और भाई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी महिला पुलिस कर्मी की आठ दिन की बेटी, सास सहित परिवार के आठ लोगों की रिपोर्ट आनी है। इन सभी को हिंदुस्तान कॉलेज में भर्ती किया गया है।