आगरालीक्स….यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू को किया गिरफ्तार। फतेहपुर सीकरी थाना में दर्ज हुआ मुकदमा। यूपी राजस्थान बॉर्डर पर बस रोके जाने के पर फतेहपुर सीकरी पहुंचे थे। पुलिस ने उनके साथ विवेक बंसल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
बसों को रोका
प्रवासी मजदूरों के लिए की घर वापसी के लिए कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी की चिट्ठी के बाद भेजी जा रही सैकड़ों की संख्या में बसों को यूपी बॉर्डर पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने रोक दिया। बसों को रोके जाने की सूचना के बाद राजस्थान सरकार के कई मंत्री बॉर्डर पर जा पहुंचे। वहीं यूपी के पुलिस अधिकारियों से बात की, लेकिन यूपी के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदेश सरकार का कोई लिखित आदेश नहीं होने के चलते बसों को यूपी में प्रवेश नहीं करने दिया।
राजस्थान सरकार के चिकित्सा मंत्री डॉ सुभाष गर्ग बेहद नाराज हुए उन्होंने यूपी सरकार पर प्रवासी मजदूरों का दर्द ना समझने और राजनीति का आरोप लगा डाला। राजस्थान के मंत्री जुबेर खान ने मजदूरों की तकलीफों को ना समझते हुए योगी सरकार पर ठीकरा फोड़ा कहा कि खुद पर बसों का इंतजाम हो नहीं रहा जब हम बस भेज रहे हैं तो यूपी में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा। यूपी सरकार प्रवासी मजदूरों के मामले में भी राजनीति पर उतर आई है।
सुबह आठ बजे पहुंची बसें
मंगलवार सुबह 8 बजे बॉर्डर पर पहुंची बसें 10 घंटे तक बॉर्डर पर खड़ी रही। मामला गहमा गहमी तक जा पहुंचा। एसपीआरए रवि कुमार, एसडीएम डॉ नंदकिशोर, क्षेत्राधिकारी वीएस वीर कुमार सर्किल के फोर्स और पीएसी समेत बॉर्डर पर जमे रहे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे
बॉर्डर पर प्रवासी मजदूरों के लिए भेजी गई बसों को रोके जाने की सूचना के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप माथुर के साथ राजस्थान बॉर्डर की ओर जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अजय कुमार लल्लू के साथ आई तीन गाड़ियों को वापस आगरा में ही खदेड़ने के लिए पुलिस पीछे दौड़ी, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष टोल प्लाजा से चकमा देकर मंडी मिर्जा खां होते हुए बॉर्डर पर जाने का प्रयास किया तो इंस्पेक्टर राजकमल बाल्यान ने उन्हें रोक लिया। एसपीआरए रवि कुमार से निर्देश लेने के बाद 2 गाड़ियों को वापस करते हुए प्रदेश अध्यक्ष की एक गाड़ी को ही निकलने की परमिशन दी गई।
शाम को दर्ज हुआ मुकदमा
मंगलवार शाम को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विवेक बंसल के खिलाफ चौमा शाहपुर पुलिस चौकी इंचार्ज जितेंद्र गौतम द्वारा यूपी सीमा में 30 मीटर तक अंदर घुस आने, मास्क ना लगाने, लॉकडाउन उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।