आगरालीक्स.. आगरा में इनर रिंग रोड पर एथलीट पर बांक से हमला बोलने वाले युवक को पुलिस ने पहले खाना खिलाया, वह कई दिनों से भूखा था। वह पुलिस के सामने कहने लगा कि खाना खिला दो। इसके बाद कहीं भी भेज देना।
आगरा में रविवार सुबह अर्जुन नगर निवासी एथलीट प्रमोद कटारा इंटरनेशनल मैक्सिको सिटी की 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में ऑनलाइन हिस्सा ले रहे थे। इनर रिंग रोड पर अचानक एक युवक सामने आ गया। एथलीट प्रमोद कटारा को रोककर बोला कि अपना बैग दो। वे बोले बैग में सिर्फ पानी की बोतल है। इस पर आरोपित ने अपने बैग से एक बांक निकाल लिया। और हमला बोल दिया उनसे बोला कि यहीं मारकर कल्याण कर देगा। पीछे हटकर शोर मचाया। इनर रिंग रोड पर कोई गाड़ी वाला नहीं रुका। वहां से एक टेंपो गुजर रहा था। उसमें से पांच-छह लोग उनकी मदद के लिए आगे आए। थोड़ी देर तक आरोपित इसी तरह प्रमोद कटारा को बैग देने की चेतावनी देता रहा। वहां कुछ ग्रामीण भी आ गए। ग्रामीणों और राहगीरों ने उसे किसी तरह पकड़ा। तब तक पुलिस का गश्ती दल वहां पहुंच गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मैं भूखा हूं
पुलिस उसे पकड कर ताजगंज की तोरा चौकी पर ले आई, यहां वह पुलिस से कहने लगा कि भूखा था। बैग में लगा कि टिफिन होगा, इसके लिए हमला बोला था, पुलिसकर्मियों ने उसे खाना खिलाया, युवक अपना नाम सुभाष बता रहा है और बिहार का रहने वाला बता रहा है। वह ट्रक में केले की लोडिंग और अन लोडिंग का काम करता है। छह दिन से खाना नहीं मिला था, एथलीट प्रमोद कटारा ने उसको विक्षिप्त मानते हुए पुलिस को लिखकर दे दिया है कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पुलिस पूछताछ कर रही है।