आगरालीक्स ..आगरा में अनलॉक 4 में मंगलवार को जेईई मेंस की पहली परीक्षा हो रही है, चार सेंटरों पर छह सितंबर तक जेईई मेंस परीक्षा होगी। आगरा में पहले दिन
सिर्फ कुबेरपुर स्थित आइबीजेड (डिजिटल जोन) केंद्र पर ही दो पालियों में परीक्षा होगी। इसमें 425 छात्र शामिल होंगे।
स्थानीय कॉर्डिनेटर व सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रधानाचार्य एसएस मिश्रा ने बताया कि जेईई की मेंस परीक्षा के लिए एनटीए ने वैसे तो आगरा में चार परीक्षा केंद्र बनाएं है, लेकिन पहले दिन सिर्फ कुबेरपुर स्थित आइबीजेड (डिजिटल सेंटर) पर जेईई मेंस होगी। इसकी पहली पाली में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक होने वाली परीक्षा में करीब 200 और दूसरी पाली में दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक होने वाली परीक्षा में 425 छात्र शामिल होंगे। बुधवार से अन्य केंद्रों आइबीजेड सिकंदरा, आइबीजेड तेहरा और इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित आरकेजीएम इंस्टीट्यूट में भी परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
ये रहेगी व्यवस्था
- परीक्षा से दो घंटे पहले परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश मिलना शुरु होगा, ताकि शारीरिक दूरी का पालन हो सके।
- परीक्षार्थियों के पेपरों की स्क्रिनिंग दूर से की जाएगी, थर्मल स्क्रिनिंग के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
- टेंपरेचर ज्यादा होने पर उन्हें थोड़ी देर रोका जाएगा। सुधार न होने पर अलग कोविड रुम में बैठाकर परीक्षा दिलाई जाएगी।
- कोविड रुम में परीक्षक पीपीई किट पहनकर पर परीक्षा दिलाएंगे।
- हर केंद्र पर परीक्षा से पहले हर परीक्षार्थी को नया मास्क दिया जाएगा, उसे पहनकर ही उन्हें एंट्री मिलेगी।
- परीक्षा से पहले और परीक्षा के बाद पूरे केंद्र और कंप्यूटर्स व सीटों को सैनिटाइज किया जाएगा।
- हर पाली में परीक्षार्थी अलग-अलग कंप्यूटर पर बैठेंगे, इसलिए एक बार में 50 फीसद परीक्षार्थियों की ही सिटिंग व्यवस्था की गई है।
- परीक्षार्थियों को अपने साथ 50 एमएल सैनिटाइजर और ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल लाने की छूट होगी।