आगरालीक्स.. आगरा में कोरोना की रोकथाम के लिए एक दिसंबर से नई गाइड लाइन, बढेगी सख्ती, नाइट कर्फ्यू पर भी विचार.
कोरोना की रोकथाम के लिए होम मिनिस्ट्री द्वारा एक से 31 दिसंबर तक के लिए नए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें राज्य अपने स्तर से नाइट कर्फ्यू लगा सकते हैं, लेकिन लॉकडाउन के लिए केंद्र सरकार से अनुमति लेनी होगी। कोई अन्य ढील नहीं दी गई है। ऐसे में आगरा में भी कोरोन के केस लगातार बढ रहे हैं, 70 से अधिक कोरोना के नए केस आ रहे हैं। इसे देखते हुए एक दिसंबर से सख्ती की जा सकती है।
नाइट कर्फ्यू पर भी विचार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा में जिला प्रशासन कोरोना को कंट्रोल करने के लिए नाइट कर्फ्यू पर विचार कर रहा है, इसके तहत रात नौ बजे के बाद बाजार नहीं खुल सकेंगे, कोई सामूहिक गतिविधि नहीं हो सकेगी। हालांकि मीडिया रिपोर्ट में एडीएम सिटी प्रभाकांत अवस्थी के हवाले से कहा गया है कि एक दिसंबर से प्रभावी होने वाली नई गाइड लाइन आने के बाद नाइट कर्फ्यू पर कोई निर्णय लिया जाएगा।
मास्क और शारीरिक दूरी पर विशेष जोर
कोरोना की रोकथाम में मास्क और शारीरिक दूरी अहम है, ऐसे में कोरोना से बचाव के लिए मास्क को लेकर भी सख्ती की जाएगी। आगरा पुलिस द्वारा मास्क ना पहनने वालों को हिरासत में लेकर चेतावनी दी जा रही है, 500 रुपये का जुर्माना भी वसूला जा रहा है, इसका दायरा बढाया जाएगा साथ ही सख्ती भी की जाएगी।