आगरालीक्स…मेट्रो का काम ठीक से शुरू हुआ नहीं, खुदाई में परेशानियां आने लगीं सामने. काम करना पड़ रहा है बंद.
मेट्रो के काम में बाधा बन रही अंडरग्राउंड पड़ीं केबिल
फतेहाबाद रोड पर इस समय आगरा मेट्रो को लेकर काम चल रहा है. काम जल्दी हो और खुदाई तेजी से इसके लिए बड़ी-बड़ी मशीनें भी आ चुकी हैं लेकिन अब इस काम में मेट्रो कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खुदाई के दौरान कदम कदम पर निकलने वाली केबिल कार्य में बाधा खड़ी कर रही हैं, जगह जगह ऐसा ही हाल हो रहा है। इसके चलते काम बंद कर दिया गया है।

कई लाइनें हैं अंडरग्राउंड
बता दें कि अभी तो केवल फतेहाबाद रोड़ पर मेट्रो का कार्य चल रहा है। यहां पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पहले से ही बहुत लाइनों को शिफ्ट कर दिया गया है और बहुत से लाईनों को सड़क किनारे नाला बनाकर अंडर ग्राउंड किया जा चुका है. लेकिन अब ये लाइनें मेट्रों के काम में बाधा बन रही हैं. अभी तो ये समस्या फतेहाबाद रोड पर ही आ रही है लेकिन मेट्रो का रूट जहां-जहां तक है वहां पहले से ही अंडरग्राउंड लाइनें पड़ी हुई हैं. ऐसे में ये समस्या आगे भी बरकरार रहेगी.
विभागों को शिफ्ट करने के हैं आदेश
मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने सभी विभागों को अपनी लाइनों को शिफ्ट करने के निर्देश दिए है लेकिन जिस स्पीड से मेट्रो का काम चल रहा है, ऐसे में इतनी लाइनों को जल्दी शिफ्ट कर पाना आसान नहीं होगा. लेकिन फिलहाल अंडरग्राउंड लाइनों का मकड़जाल मेट्रो के काम में मुश्किलें खड़ी करता नजर आ रहा है.