आगरालीक्स…कोरोना के नये स्वरूप को लेकर आगरा सहित पूरे यूपी में अलर्ट. बाहर से आने वालों की होगी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग. प्रशासन को निर्देश
सीएम ने की समीक्षा, जिला प्रशासन को दिए निर्देश
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी मंगलवार को कोरोना वायरस को लेकर समीक्षा की. लोकभवन में आयोजित इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोरोना के नए स्वरूप को लेकर प्रदेश के सभी जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया है. उन्होंने निर्देश दिए हैं कि पिछले 15 दिन में जो कोई भी बाहर से आया है, उसकी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जाए और उनकी जांच की जाए. यही नहीं सीएम ने इसके लिए हेल्थ डिपार्टमेंट को हेल्प लाइन नंबर जारी करने के भी निर्देश दिए हैं. गौरतलब है कि प्रदेश में अब एक्टिव केस 16691 बचे हैं. पिछले 24 घंटे में 1277 नए केस सामने आए हैं.
नए स्वरूप ने फैला रखी है दहशत
कोरोना के नए स्वरूप को लेकर यूरोप के कई देशों में दहशत फैली हुई है. ब्रिटेन में खासकर कोरोना के इस नये स्वरूप से हडकंप मचा हुआ है. इसको लेकर दुनिया के लगभग सभी देश अलर्ट हो गए हैं. भारत में भी ब्रिटेन से आने—जाने वाली फ्लाइटस बंद की जा रही है. मीडिया सूत्रों के अनुसार मंगलवार को ब्रिटेन से जो फ्लाइट आई है, उसमें कई लोग पॉजिटिव आए हैं. सरकार इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहती. उन सभी के सैंपल भेज दिए गए हैं और कोरोना के नए स्वरूप का पता लगाया जा रहा है.