आगरालीक्स.. आगरा में जोंस मिल की जमीन पर खाटू श्याम मंदिर सहित 139 कब्जेदार हैं, इन्हें ध्वस्त किया जाना है, 15 जनवरी तक पक्ष रख सकते हैं, ऐसे में जोंस मिल संघर्ष समिति कार्रवाई का विरोध कर रही है। क्षेत्रीय निवासी और व्यापारी एक जनवरी को प्रशासन की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन-यज्ञ करेंगे।
एडीएम प्रोटाकाल पुष्पराज सिंह ने जोंस मिल की जांच रिपोर्ट में सामने आए 139 कब्जेदारों को अपना पक्ष रखने के लिए 15 जनवरी तक का समय दिया है। इसमें से 69 अपना पक्ष रखते हुए दस्तावेज दे चुके हैं, कमेटी जांच कर रही है।
उधर जोंस मिल संघर्ष समिति को गुरुवार को श्री कुलश्रेष्ठ सभा, भारतीय सिंधु सभा और श्री बजरंग मेला समिति का समर्थन पत्र संघर्ष समिति को मिला है।
संघर्ष समिति के संरक्षक बृजमोहन अग्रवाल और दयानंद नागरानी ने संयुक्त रूप से बताया कि सभी लोग प्रशासन की एकपक्षीय कार्यवाही और व्यापारियों के उत्पीड़न का विरोध करने की इस लड़ाई में समिति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जुड़ गए हैं। सैंकड़ों खाटू भक्त भी मंदिर को बचाने के लिए आक्रोशित हैं और एकजुट होने लगे हैं।
भारतीय सिंधु सभा के पूर्व नगर अध्यक्ष व समाजसेवी चंद्र प्रकाश सोनी ने कहा है कि हमारी संस्था प्रशासन द्वारा व्यापारियों के विरुद्ध झूठे व साक्ष्य हीन मुकदमे दर्ज करने का विरोध करती है। बजरंग मेला समिति के अध्यक्ष पंकज गर्ग ने प्रशासन द्वारा व्यापारियों के उत्पीड़न और दुष्प्रचार का विरोध किया है।
एक्मा के उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा है कि उनकी संस्था संघर्ष समिति के साथ है और प्रशासन के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा समर्थन करती है।
हवन-यज्ञ आज.
जॉन्स मिल संघर्ष समिति के बैनर तले 1 जनवरी, शुक्रवार को दोपहर 12:00 बजे जीवनी मंडी स्थित जन्नत होटल के निकट जाटनी बाग में क्षेत्रीय व्यापारियों व निवासियों द्वारा प्रशासन की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन-यज्ञ किया जाएगा। साथ ही, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को ज्ञापन भी दिया जाएगा।