नईदिल्लीलीक्स…. आस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में भारत की ओर से आज मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी की। आस्ट्रेलिया को 294 रन पर समेट दिया। भारत को जीत के लिए 328 रन की चुनौती मिली है। बारिश से बाधित इस मैच में ड्रा के आसार बन रहे हैं।
आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 33 रन की मिली बढ़त के बाद आज बिना विकेट खोये 21 रन से आगे खेलना शुरू किया। डेविड वार्नर और हैरिस ने सधी हुई शुरुआत करते हुए टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचाया। आस्ट्रेलिया का स्कोर 89 रन था जब भारत को पहली सफलता शार्दुल ठाकुर ने हैरिस 38 रन को आउट कर दिलाई। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने जल्द ही डेविड वार्नर को 48 रन के स्कोर पर आउट कर दिया।
लाबुशाने को किया जल्द आउट
पहली पारी के शतकवीर लाबुशाने को मोहम्मद सिराज ने 25 रन के स्कोर पर चलता कर दिया, तब आस्ट्रेलिया का स्कोर 123 रन था। इसी स्कोर पर सिराज ने मैथ्यु वेड को आउट कर दिया। भारत को जल्दी-जल्दी चार सफलताएं मिलने से टीम को जल्दी समेटने की उम्मीद बढ़ी लेकिन एक छोर से स्मिथ और दूसरे से ग्रीन क्रीज पर जम गए। दोनों ने टीम के स्कोर को 196 रन पर पहुंचा दिया। मोहम्मद सिराज ने तीसरी सफलता हासिल करते हुए स्मिथ को पवेलियन भेज दिया, जबकि पेन और ग्रीन के बीच खतरनाक होती जा रही जोड़ी को शार्दुल ने ग्रीन को आउट कर भारत को सफलता दिलाई। टिम पेन भी शार्दुल का शिकार बने।
सिराज ने लिए पांच विकेट
भारत की ओर से आज मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी की। मोहम्मद सिराज ने पांच विकेट हासिल किए, जबकि शार्दुल ने चार विकेट चटकाए, एक सफलता सुंदर के हाथ लगी। भारत ने आस्ट्रेलिया की पूरी पारी को 294 रन पर समेट दिया। इस प्रकार पहली पारी के 33 रनों के सहारे आस्ट्रेलिया का स्कोर 327 रन हो गया। भारत को मैच जीतने के लिए 328 रन की जरूरत है। भारत ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट खोये चार रन बना लिए हैं, जिसमें रोहित चार रन बनाकर नाबाद है, जबकि गिल को अपना खाता खोलना है। बारिश के कारण आज का खेल स्थगित कर दिया गया।