नईदिल्लीलीक्स… इंग्लैंड के साथ भारत को पहले टेस्ट मैच में मिली करारी हार के बाद दूसरा टेस्ट मैच अब चेन्नई के चैपॉक मैदान में काली पिच पर खेला जाएगा। वहीं पहले टेस्ट में खराब पिच तैयार करने वाले क्यूरेटर को हटा दिया है।

पहले टेस्ट की पिच के क्यूरेटर को हटाया
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट लाल मिट्टी की पिच नंबर दो पर खेला गया था, जिसमें भारत को 227 रन के बड़े अंतर से शिकस्त मिली थी। इस पिच को तैयार करने वाले क्यूरेटर तपोश चटर्जी को बीसीसीआई ने हटा दिया है। भारत और इंग्लैंड का दूसरा टेस्ट पिच नंबर पांच पर होगा। इस पिच के काली मिट्टी का होने के कारण पिच पर पहले की अपेक्षा ज्यादा उछाल मिलने की संभावना है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को इससे मदद मिलेगी लेकिन पहले जैसा टर्न मिलने की उम्मीद कम है।
वेस्टइंडीज की बांग्लादेश को कड़ी चुनौती
वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में इंडीज ने 409 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है, जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम ने समाचार लिखे जाने के समय तक दो विकेट पर 35 रन बना लिए थे। इंडीज की ओर से विकेटकीपर सिल्वा ने 92 रन, एन बोनर ने 90 रन और ए जोसफ ने 82 रन का योगदान दिया। बाग्लादेश की ओर से जायद और इस्लाम ने दो-दो विकेट लिए। उल्लेखनीय है कि पहला टेस्ट मैच वेस्टइंडीज की टीम ने जीता था।