नईदिल्लीलीक्स… ट्विटर ने किसान जनसंहार हैशटेक के एकाउंट ब्लॉक किए। पश्चिम बंगाल में आज बंद, ट्रेनें रोकीं। साथ में अब तक की देश-विदेश की खबरें।
ट्विटर ने 97 प्रतिशत एकाउंट ब्लॉक किए
केंद्र सरकार की सख्ती के बाद माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने 97 फीसदी एकाउंट ब्लॉक कर दिए हैं। इलेक्ट्रोनिक सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने भड़काऊ सामग्री से संबंधित पोस्ट करने वाले कई एकाउंट को ब्लॉक करने की मांग की थी। यह वह खाते हैं, जो किसान जनसंहार जैसे हैशटेग का इस्तेमाल कर रहे थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केंद्र सरकार ने दो बार अपील के जरिए 1,435 खातों को चिह्नित किया था, जिसमें से कंपनी ने 1,398 खातों को ब्लॉक कर दिया था।
बंगाल में लेफ्ट-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रेनें रोकीं
पश्चिम बंगाल में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कल लेफ्ट फ्रंट के छात्र और युवाओं ने कोलकाता के नवन्ना की ओर रोजगार की मांग करते हुए मार्च निकाला। लेफ्ट का आरोप है कि पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओँ की पिटाई की और उनपर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके विरोध में आज वामदलों और कांग्रेस ने 12 घंटे का बंगाल बंद बुलाया है। बंद के दौरान वामपंथी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर सड़कों और रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया। यह बंद सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।
लालू यादव को फिर झटका, नहीं मिली बेल
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर झटका लगा है। चारा घोटाले के दुमका कोषागार मामले में उन्हें जमानत नहीं मिली। आज जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद अगली सुनवाई के लिए 19 फरवरी की तारीख तय की है। बता दें कि चारा घोटाले से जुड़े दुमका ट्रेजरी अवैध निकासी मामले में लालू प्रसाद यादव महीनों से जेल में हैं।
चंदा कोचर को जमानत मिली
आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर को आज मुंबई में विशेष न्यायालय से जमानत मिल गई, उन पर आईसीआईसीआई बैंक, वीडियोकोन, मनी लांड्रिग का केस चल रहा है। कोर्ट ने उन्हें बिना अनुमति देश छोड़कर बाहर जाने पर प्रतिबंध लगाया है। चंदा कोचर के पति को सितंबर 2020 में इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था।