आगरालीक्स ..आगरा में 2259 हेल्थवर्करों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। अब आम लोगों को वैक्सीन लगेगी, पढे कहां होगा पंजीकरण।
आगरा में शुक्रवार को 40 केंद्रों पर 2259 स्वास्थ्यकर्मियों ने कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवाई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि कोविड—19 टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद में 40 केंद्रों पर 2367 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य था, इनमें से 2259 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई।
एएनएम प्रशिक्षण केंद्र पर टीकाकरण कार्यक्रम में तैनात प्रेरणा कुशवाह ने अपना कोविड टीकाकरण कराया। उन्होंने टीका लगवाने के बाद बताया कि मैंने अपने कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवा ली है। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाना जरूरी है। इसके साथ ही कोरोना से बचाव करते रहना भी अभी जरूरी है, क्योंकि कोरोनावायरस अभी खत्म नहीं हुआ है।
60 साल से अधिक के लोगों का कोविन एप्लीकेशन एप पर होगा पंजीकरण
तीसरे चरण में चार मार्च से 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीन लगवाने के लिए अपने मोबाइल में कोविन एप्लीकेशन एप टू गूगल प्ले स्टोर से इंस्टॉल करने के बाद पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद वैक्सीन लगवाने के लिए पंजीकरण कराते समय दर्ज किए गए मोबाइल नंबर पर वैक्सीन लगवाने की तिथि और केंद्र का नाम मैसेज के माध्यम से आएगा।