नईदिल्लीलीक्स… म्यांमार के लोगों को शरण देने पर रोक का आदेश वापस। सोपोर फायरिंग में एक और पार्षद की मौत। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
मणिपुर सरकार ने वापस लिया आदेश
मणिपुर सरकार ने अपने उस आदेश को वापस ले लिया है, जिसके तहत स्थानीय प्रशासन को म्यांमार में तख्ता पलट के कारण भारत में प्रवेश करने वाले म्यांमार के लोगों को खाद्य पदार्थ और शरण देने पर रोक की बात कही गई थी। ज्ञातव्य है कि यह आदेश 26 मार्च को जारी किया गया था।
सोपोर फायरिंग में एक की मौत
जम्मू-कश्मीर के वारामूला जिले के सोपोर में सोमवार को आतंकियों द्वारा की गई फायरिंग में एक और पार्षद की मौत हो गई है। आतंकियों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी और पार्षद की कल ही मौत हो गई थी, आज एक अन्य पार्षद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस बीच पुलिस विभाग के चार कर्मियों को इस मामले में लापरवाही बरतने के आऱोप में सस्पैंड कर दिया गया है। सोपोर में आतंकियों ने रविवार को भी हमला किया था, जिसमें दो लोग मारे गए थे।
इटावा में बुजुर्ग महिला की हत्या
उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में एक बुजुर्ग महिला की शराब पीकर हुड़दंग मचाते युवकों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। नगर क्षेत्र की सदर कोतवाली के मेवाती टोला में उक्त महिला के घर के बाहर शराब पीकर हुड़दंग मचाते युवकों को टोका तो हुड़दंगियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला को बुरी तरह पीट-पीटकर घायल कर दिया। महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इमरान ने वित्तमंत्री को हटाया
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बढ़ती महंगाई के मद्देनजर देश के वित्तमंत्रू डा. अब्दुल हफीज शोएब को पद से हटाकर, उनके स्थान पर उद्योग और उत्पादन मंत्री हम्माद अजहर को नया वित्तमंत्री नियुक्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान में महंगई लगातार बेकाबू होती जा रही है। इसलिए प्रधानमंत्री इमरान खान ने नई वित्त टीम गठित करने का फैसला लिया है।