आगरालीक्स…आगरा में तेजी से चल रहा आक्सीजन प्लांट पर काम. डीएम ने किया निरीक्षण. आज रात आगरा पहुंचेगा 10 टन लिक्विड आक्सीजन लेकर टैंकर.
प्रशासन की नजर आक्सीजन प्लांट पर
आगरा के कोविड अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में आक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं. हर दिन डीएम पीएन सिंह द्वारा इसको लेकर समीक्षा भी की जा रही है. शहर के सात आक्सीजन प्लांट पर प्रशासन की नजर रखी जा रही है. यहां से कोविड अस्पतालों के लिए ही गैस की आपूर्ति की जा रही है. इसके अलावा टेढ़ी बगिया स्थित मै. अग्रवाल आक्सीजन प्लांट पर तेजी से काम चल रहा है. यहां पहले लिक्विड से नाइट्रोजन गैस बनाई जाती थी. अब यहां पर आक्सीजन तैयार की जाएगी. बुधवार को डीएम पीएन सिंह ने इस प्लाइंट का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आंकलन किया गया. जीवन रक्षक गैस का प्लांट प्रथम चरण की टेस्टिंग में मानकों के अनुसार सही पाया गया. यहां हवा से आक्सीजन बनाई जाएगी.

जमशेदपुर से आ रहा टैंकर
वहीं दूसरी खबर ये है कि आज रात को जमशेदपुर से एक टैंकर 10 टन लिक्विड आक्सीजन लेकर आगरा पहुंच जाएगा. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार झारखंड के जमेशेदपुर प्लांट से गैस को लेकर टैंकर रवाना हो चुका है और ताजनगरी में बुधवार रात तक पहुंच जाएगा. इसके यहां पर पहुंचने से आगरा के कोविड अस्पतालों को बड़ी राहत मिलेगी और कुछ दिनों का बैकअप तैयार होगा.
आक्सीजन सिलेंडर की भारी मांग
बता दें कि कोरोना महामारी के तेजी से लोगों को अपना शिकार बनाने के कारण आगरा के कोविड अस्पतालों में आकसीजन सिलेंडर की डिमांड तेजी से बढ़ी है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कोविड, नॉन कोविड व होम आइसोलेशन के लिए इस समय 1500 से अधिक सिलिंडर की हर दिन मांग है लेकिन प्रशासन व मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हर दिन 800 से 1000 सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है. ऐसे में आक्सीजन की पर्याप्त मात्रा के लिए प्रशासन द्वारा हर स्तर पर तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं.