आगरालीक्स.. आगरा में कोरोना मरीजों की सांसों पर संकट मंडराने लगा, मरीजों के तीमारदारों से कह दिया कि कुछ घंटे में आक्सीजन खत्म होने वाली है, मरीज को कहीं ले जाए। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया, डीएम प्रभु एन सिंह अमित जग्गी हाॅस्पिटल पहुंच गए। कुछ ही देर में कई और कोविड हाॅस्पिटल में आक्सीजन खत्म होने की सूचना आने लगी। तीमारदारों से हास्पिटल प्रबंधन ने कह दिया कि अपने मरीज को कहीं और ले जाएं, कभी भी आक्सीजन खत्म हो सकती है।
रास्ते में 10 टन आक्सीजन
कोविड हास्पिटलों में आक्सीजन की कमी से सांसें अटक गईं, तीमारदार परेशान हो गए। हास्पिटल संचालक आक्सीजन का इंतजाम करने में लग गए। जिला प्रशासन ने भी टीमें सक्रिय कर दी। रात को 10 टन आक्सीजन जमशेदपुर से आने की उम्मीद है।
प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों को दी जाएगी आक्सीजन
रात को 10 टन आक्सीजन आने के बाद प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों को आक्सीजन दी जाएगी। इसके लिए सूची तैयार की गई है, जिन अस्पतालों में आक्सीजन बहुत कम रह गई है, उन्हें पहले आक्सीजन दी जाएगी। इसके बाद गंभीर मरीज किस अस्पताल में ज्यादा भर्ती हैं, इसे देखने के बाद आक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी।