आगरालीक्स..(Agra news 4th May). आगरा में वैक्सीन लगाने के लिए लोग परेशान हो रहे हैं, पढे, कहां लग रही वैक्सीन और कौन लगवा सकता है वैक्सीन।
आगरा में अभी 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण हो रहा है। इससे कम उम्र के लोगों को वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है। मंगलवार को जनपद में 4563 लोगों ने कोविड-19 का टीकाकरण कराया।
-मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए टीकाकरण आवश्यक है | 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग अपना टीकाकरण अवश्य कराएं | उन्होंने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण कराने के बाद भी कोरोना से बचाव करते रहना जरूरी है.टीकाकरण के बाद भी मास्क अवश्य पहनें, दो गज की दूरी का पालन करें और बार-बार साबुन-पानी से अपने हाथों को साफ करते रहें.
-जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि जनपद में मंगलवार को कोविड-19 टीके की 1907 लोगों ने पहली डोज और 2656 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई. उन्होंने बताया कि टीकाकरण कराने के लिए आप कोविन एप व आरोग्य सेतु एप पर पंजीकरण कराने के बाद टीकाकरण केंद्र पर टीका लगवा सकते हैं. इसके साथ ही टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं. जीवनी मंडी स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविड-19 की टीकाकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाव के उपाय फॉलो करने के लिए भी बोला जा रहा है। उन्हें मास्क पहनने, घर पर रहने और बार-बार हाथों को साफ रखने की सलाह दी जा रही है।

जीवनी मंडी स्वास्थ्य केंद्र पर 65 वर्षीय विजय नगर निवासी वीना ने बताया कि उन्होंने अपने कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण करा लिया है। इससे उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई है।
46 वर्षीय रीता ने बताया कि मैंने अपने कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवा ली है. मुझे इससे कोई परेशानी नहीं हुई। टीका लगवाने के बाद भी मैं कोरोना से बचाव करूंगी।