आगरालीक्स…कोरोनाकाल में आम लोगों के लिए भगवान के पट भी बंद..श्रीकृष्ण जन्मस्थान, गिरिराज परिक्रमा से लेकर आगरा के मुख्य मंदिर भी भक्तों के लिए बंद
भीड़ एकत्र न हो इसलिए बंद किए पट
कोरोना महामारी का असर लोगों पर इस तरह छाया हुआ है कि अब वह घर से बाहर निकलने में भी हिचक रहे हैं. सरकार द्वारा भी लोगों से बेवजह घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगाई हुई है. आगरा में 17 मई तक बंदी का आदेश पहले ही आ चुका है. बड़ी संख्या में लोग रोजाना कोरोना संक्रमित हो रहे हैं और कइयों को अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है. लोग इस विकट परिस्थिति में भगवान को याद करते हैं लेकिन कोरोना महामारी का प्रभाव देखिए कि भक्तों के लिए भगवान के पट भी बंद कर दिए गए हैं जिससे वहां भीड़ न एकत्र हो सके.
श्रीकृष्ण जन्मस्थान 24 मई तक बंद
मथुरा का प्रमुख श्रीकृष्ण जन्मस्थान भी 24 मई तक भक्तों के लिए बंद कर दिया गया है. मंदिर में पूजा अर्चना नियमित होगी लेकिन भक्त भगवान के दर्शन नहीं कर पाएंगे. इसके अलावा गोवर्धन में लगने वाली सप्तकोसीय परिक्रमा भी फिलहाल बंद है. इसके कारण व्यापारी वर्ग से लेकर आम लोग तक परेशान हैं. वहीं 20 मई तक ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर के पट आम भक्तों के लिए बंद रखे गए हैं. इसके अलावा प्राचीन केशवदेव मंदिर को भी 21 मई तक बंद रखने को कहा गया है.
आगरा के मंदिर भी बंद
मथुरा के अलावा आगरा के भी प्रमुख मंदिर भक्तों के दर्शन के लिए बंद कर दिए गए हैं. इनमें लंगड़े की चौकी स्थित हनुमान मंदिर भी शामिल है. मंदिरों के बाहर नोटिस लगाया गया है. इसके अलावा मनकामेश्वर मंदिर, कैलाश महादेव मंदिर, बल्केश्वर मंदिर, राजेश्वर, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर भी भक्तों के लिए बंद है. मंदिरों में सेवायातों द्वारा रोजाना पूजा अर्चना नियमित रूप से की जा रही है.