आगरालीक्स…(14 May 2021 Agra) आगरा के शाहगंज में घर में बनी कॉस्मेटिक शॉप में लगी आग. सारा सामान जलकर हुआ राख. साजिशन आग लगाने का आरोप
घर में बनी थी दुकान, आग से नुकसान
आगरा के थाना शाहगंज स्थित घर में बनी एक कॉस्मेटिक शॉप में आग लग गई. मामला पथौली का है. यहां रहने वाले जितेंद्र की घर में ही कॉस्मेटिक की दुकान है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार रात को वह परिवार के साथ मलपुरा गए थे. यहां रात करीब 12 बजे उन्हें फोन आया कि उनके घर में आग लग गई है. तुरंत ही सब लोग घर वापस लौटे तो आग की लपटें उठ रही थीं. लोगों की मदद से आग बुझाई गई लेकिन तब तक दुकान में रखा कॉस्मेटिक का सारा सामान व घर में रखा फर्नीचर जल गया. इसके अलावा एक दोपहिया वाहन भी जल गया.
पड़ोसी पर साजिशन आग लगाने का आरोप
पीड़ित जितेंद्र ने अपने एक पड़ोसी पर साजिशन दुकान में आग लगाने पर शक जताया है. उसका कहना है कि कुछ दिन पहले उसका पड़ोसी के साथ झगड़ा हुआ था जिसके बाद वह जला देने की धमकी दे रहा था. पुलिस में शिकायत की जा रही है. पीड़ित परिवार का कहना है कि दुकान उनकी आय का जरिया था लेकिन लॉकडाउन और अब दुकान जलने के कारण उन्हें काफी नुकसान हुआ है.