आगरालीक्स…(28 May 2021 Agra) आगरा में अब तक 9 लाख से अधिक लोगों की हुई कोरोना जांच. लेकिन ये कुल आबादी का 20 प्रतिशत से भी कम…दूसरी लहर में इतनी हुई जांच
9 लाख से ज्यादा लोगों की हुई है कोरोना जांच
28 मई 2021 को आगरा प्रशासन द्वारा जारी आंकडों के अनुसार आगरा में अभी तक 9 लाख 6 हजार 137 लोगों की कोरोना टेस्टिंग हो चुकी है. 28 मई को प्रशासन ने जो आंकड़े जारी किए उसके अनुसार आगरा में बीते 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 10 हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच हुई है. ये एक दिन में कोरोना जांच का सबसे बड़ा आंकड़ा है लेकिन अगर आबादी के हिसाब से देखा जाए तो आगरा जनपद में अभी तक 20 प्रतिशत से भी कम लोगों की कोरोना जांच हुई है.
कोरोना की दूसरी लहर में अब तक तीन लाख के करीब जांच
कोरोना की दूसरी लहर में प्रशासन ने शासन के आदेश पर टेस्टिंग की संख्या को बढ़ाया है. आगरा में इस समय 10 हजार के करीब जांच हो रही है. कोरोना की दूसरी लहर में 1 अप्रैल से 28 मई तक के 58 दिनों में आगरा में 2 लाख 80 हजार 996 लोगों की कोरोना जांच हुई है. जबकि पहली लहर के पूरे एक साल के दौरान 6 लाख 25 हजार 142 लोगों की कोरोना जांच हुई थी.
50 लाख तक है आगरा की आबादी
बात अगर आगरा जिले में आबादी की हो तो वर्ष 2011 की भारतीय जनगणना के अनुसार जिले की आबादी 44.19 लाख थी. इनमें से 23 लाख से अधिक पुरुष तो वहीं 20 लाख से अधिक महिलाओं की आबादी है. अब वर्ष 2021 चल रहा है और यह साल भारतीय जनगणना का साल है. ऐसे में दस साल के इस अंतराल में आगरा जिले की कुल आबादी करीब 50 लाख के आसपास ही हो सकती है.
आगरा में इस समय 465 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है. बता दें कि आगरा में अब तक 906137 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है. इनमें से अब तक 25485 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं. अब तक 24615 लोग इस बीमारी से ठीक हुए हैं जबकि 414 लोगों की अब तक कोरोना से मौत हुई है. आगरा में इस समय रिकवरी प्रतिशत 96.59 प्रतिशत है.