आगरालीक्स…(30 May 2021 Agra) आगरा में मकान के अंदर हो रही थी शराब में मिलावट. पुलिस ने 3 पकड़े. अलीगढ़ में शराब से 56 मौतों के बाद एक्शन में आगरा पुलिस
सदर के एक घर में चल रहा था मिलावट का खेल
अलीगढ़ में जहरीली शराब से 56 लोगों की मौत के बाद पूरे यूपी में अलर्ट कर दिया गया है. आबकारी विभाग के साथ पुलिस को भी शराब माफियाओं पर अंकुश लगाने और उन्हें पकड़ने का काम किया जा रहा है. आगरा में भी पुलिस अवैध रूप से शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है. पुलिस को रविवार को इस मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है. आगरा में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है जो अवैध शराब का कारोबार कर रहे थे. एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे के अनुसार पुलिस थाना सदर क्षेत्र में पुलिस ने मकान पर छापेमार कार्रवाही की तो शराब की रिफलिंग का काम चल रहा था. यहां सस्ती शराब को लाकर महंगे ब्रांड की बोतलों में भरा जा रहा था. पुलिस ने मौके से भारी तादाद में शराब बरामद की है. इसके अलावा खाली बोतल, स्टीकर और बारकोड बरामद किए हैं.
शराब के ठेकों पर छापेमारी
क्षेत्राधिकारी बाह रवि कुमार एवं आबकारी निरीक्षक हर्ष कुमार ने टीम के साथ ही शराब के ठेकों पर चेकिंग की. अलीगढ़ में अवैध शराब पीने से लोगों की मौत से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. 2 दिन से लगातार आबकारी विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीमें हुई सक्रिय हैं. उच्चाधिकारियों के आदेश पर पर छापेमारी कर आबकारी विभाग एवं पुलिस टीम ने चेकिंग कर स्टॉक रजिस्टर जांचे. क्यूआर कोड से शराब के पव्वा एवं बोतलों को किया गया स्कैन, स्टॉक रजिस्टरों का मिलान किया. बाह, जैतपुर, जरार, बटेश्वर, बासौनी, चित्राहाट,मऊ, पारना, टोडीपुरा, मुड़ियापुरा, फरेरा आदि दर्जनभर से अधिक शराब के ठेको पर छापेमारी की गई. यहां गड़बड़ी तो नहीं मिली लेकिन चेतावनी दी गई है.