आगरालीक्स.… (09 june ) । प्रदेश अब कोरोना फ्री हो गया है। ऐसे में सिनेमा संचालकों ने बिजली बिल, टैक्स आदि में राहत के साथ सिनेमा हॉल शुरू किए जाने की मांग की है।
कोरोना संक्रमण की शुरुआत से ही मार
सिनेमा हॉल संचालकों को कोरोना संक्रमण के शुरुआत से लगे लॉकडाउन के बाद से ही मार झेलनी पड़ रही है। पिछले साल करीब सात माह तक सिनेमा हॉल बंद रहने के बाद सिनेमा हाल खुले लेकिन नई फिल्मों के रिलीज नहीं होने और कोविड की तमाम पाबंदियों के कारण सिनेमा उद्योग पटरी पर आता, इससे पहले कोरोना की दूसरी लहर में सिनेमा हॉल फिर पूरी तरह से बंद हो गए।
बिजली बिल व टैक्स में मिले राहत
आगरा सिनेमा एग्जीवीटर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध गर्ग का कहना है कि प्रशासन ने लगभग सभी तरह के उद्योग को अब राहत दे दी हैं, उनके काम धंधे सुचारू रूप से चलने शुरू हो गए हैं, लेकिन अभी सिनेमा हॉल संचालन की ओर ध्यान नहीं दिया है, जबकि इस अवधि के दौरान बिजली का बिल, कर्मचारियों का वेतन, टैक्स समेत तमाम भार संचालकों को झेलना पड़ रहा है।
सिनेमा हॉल खुलें तो सुधरेंगे हालात
उन्होंने कहा है कि इस स्थिति को देखते हुए गुजरात समेत अन्य राज्यों में सिनेमा हॉल संचालकों को बिजली बिल, टैक्स आदि में राहत दी गई है, जबकि यहां अभी कोई शुरुआत नहीं हुई है। उन्होंने सिनेमा उद्योग को राहत देने के साथ इनके संचालन की अनुमति देने की मांग प्रशासन से की है।
खास-खास
-शहर में 12 सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल हैं।
– शहर में पांच मल्टी प्लेक्स में भी दिखाई जाती हैं फिल्में।
– टीवी, मोबाइल, कंप्यूटर के सहारे ही मनोरंजन के साधन।