लखनऊलीक्स… (15 june ) । उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दो दिनों में प्रदेश के मुरादाबाद, मुज्जफरनगर और बुलंदशहर में दुष्कर्म के तीन मामलों ने प्रदेश के लोगों को झिंझोड़ कर रख दिया है।
मुरादाबाद में मां व नाबालिग बेटी से गैंगरेप
मुरादाबाद जनपद बिलारी थाना क्षेत्र में एक मां और उसकी नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक बलात्कार किया।
पति के सामने ही दुस्साहस
मिली जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने तमंचे के बल पर उक्त महिला के पति के हाथ-पैर बांधकर उसके सामने ही पत्नी और 11 साल की बेटी के साथ गैंगरेप किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
कोतवाली में नहीं हुई सुनवाई
पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत बिलारी कोतवाली में की लेकिन पुलिस ने नहीं सुनी। बाद में अधिकारियों से शिकायत करने पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।
खुर्जा में युवती से दुष्कर्म, दोस्तों ने की पहरेदारी
बुलदंशहर के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में एक 18 साल की लड़की को एक लड़का जबरन सुनसान जगह पर खींच कर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। इस दौरान उसके दो साथी पहरेदारी करते रहे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नाबालिग का खेत से अपहरण कर ढाबे में बलात्कार
यूपी के ही मुज्जफरनगर के सिखड़ा थाना क्षेत्र एक गांव में एक नाबालिग लड़की का उस समय अपहरण कर लिया गया, जब वह खेत में अपनी मां के साथ चारा काट रही थी। गांव का एक दबंग उसे एक ढाबे पर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। बाद में इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने पर कुछ ही देर में बलात्कार के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।