आगरालीक्स…(24 June 2021 Agra News) आगरा की पॉश कॉलोनी ने पेश की नजीर. 90% लोगों ने लगवाई वैक्सीन. बिना अप्वाइंटमेंट के रात 9 बजे तक आगरा में लगवा सकते हैं वैक्सीन
स्वामी बाग में कोरोना टीकाकरण 90 फीसदी
कोरनावायरस की रोकथाम करने के लिए टीकाकरण कराना आवश्यक है। जनपद में तेजी से कोविड टीकाकरण किया जा रहा है। स्वामी बाग नगर पंचायत में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसाइटी आगरा के सहयोग से टीकाकरण शिविर का आयोजन हुआ। इस मामले में स्वामी बाग नगर पंचायत नजीर पेश कर रही है। यहां पर अब तक 90 फीसदी लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है। स्वामी बाग नगर पंचायत के सेक्रेटरी एसएस भट्टाचार्य ( गुल्लू भाई ) ने बताया कि कोरोनावायरस के आने पर ही हम सजग हो गए थे। हमने कड़े नियमों का पालन किया और अब कोविड टीकाकरण के लिए भी सजग और जागरुक हैं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां पर लगभग 1300 लोग रहते हैं। इनमें से 90 प्रतिशत लोगों का कोविड टीकाकरण हो चुका है। आने वाले दिनों में हमारे यहां सौ फीसदी लोगों का टीकाकरण हो जाएगा।
शुरुआत से लगवा रहे वैक्सीनेशन
रेडक्रॉस सोसाइटी के आगरा के वाइस पेट्रोन डॉ. आशीष ब्रह्मभट्ट ने बताया कि जैसे ही आम लोगों का टीकाकरण शुरू हुआ, तभी से हम नगर पंचायत से सभी लोगों का टीकाकरण कराने के लिए सक्रिय हो गए थे। हमने मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय से संपर्क करके नगर पंचायत के लोगों के टीकाकरण कराने की मांग की। इसपर उन्होंने नजदीकी टीकाकरण केंद्र नगला पदी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए विशेष टीकाकरण शिविर की अनुमति दे दी। इसके बाद 18 से 44 वर्ष की उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू हुआ तो इसके लिए भी सीएमओ साहब ने अनुमति दे दी। इस प्रकार से हमारे यहां पर अब तक 90 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण हो चुका है। आने वाले दिनों में सौ प्रतिशत लोगों के टीकाकरण अनुमति हो जाएगा। टीकाकरण शिविर में नरेंद्र जगवीर, रेडक्रॉस सोसाइटी आगरा के महासचिव डॉ. एके गुप्ता, खुशीलाल मौजूद रहे।
रात 9 बजे तक लगवाएं वैक्सीन
आगरा में लोगों को सुविधा देने के लिए अब रात 9 बजे तक वैक्सीनेशन किया जा रहा है. फिलहाल खंदारी स्थित विश्वविद्यालय के जेपी सभागार में रात 9 बजे तक वैक्सीन लगाई जा रही है. इसके लिए लोगों को अप्वाइंटमेंट की भी जरूरत नहीं है. रजिस्ट्रेशन कराकर यहां जा सकते हैं. इसके अलावा लोगों को यहां पर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जा रही है.