लखनऊ-अलीगढ़लीक्स… ( 9 July ) । प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत स्थिर बनी हुई है। वह आईसीयू के स्टाफ और अपने परिवारजन से सांकेतिक भाषा में बातचीत भी कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के नाती को फोन कर पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत का अपडेट भी लिया।
पीएम ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामना दी। उन्हें एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में रखा गया है। क्रिटिकल केयर मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी यूरोलॉजी और एंडोक्राइन सर्जरी समेत 5 बड़े विभागों के विभागाध्यक्ष समेत डॉक्टरों की एक बड़ी टीम उनका ख्याल रख रही है।
एसजीपीजीआई के निदेशक डॉक्टर आरके धीमन स्वयं उनकी सेहत का पल-पल का अपडेट ले रहे हैं।डॉक्टर आरके धीमन ने बताया कल्याण सिंह की तबीयत स्थिर है और लगातार भर्ती होने के बाद से ही वह बेहतर हो रहे हैं। वह आईसीयू के स्टाफ और परिवारजनों से सांकेतिक भाषा में बातचीत भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया की पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत में भर्ती होने के बाद से काफी सुधार हुआ है।
कल्याण सिंह बिल्कुल स्वस्थ, अफवाहों पर न दें ध्यान:राजू भैया
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर गुरुवार को शाम से ही तमाम तरह की अफवाहें फैलने लगीं। इन पर विराम लगाते हुए कल्याण सिंह के पुत्र व एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने देर रात स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सभी को सूचित किया कि बाबूजी (कल्याण सिंह) आप सभी की प्रार्थना और भगवान श्रीराम की कृपा से बिल्कुल स्वस्थ हैं। जो लोग झूठी अफवाह फैला रहे हैं, वे मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। सभी से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
भावुक हुए प्रधानमंत्री मोदी
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से जुड़ी बातों को याद कर प्रधानमंत्री भावुक हो गए। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘जेपी नड्डा जी के साथ हुई बातचीत के दौरान कल्याण सिंह जी ने मुझे याद किया, यह बात मुझे गहरे तक छू गई। कल्याण सिंह जी के साथ मेरी बातचीत की अनेकों यादें हैं। उनसे बात कर हमेशा सीखने को मिला है।’
उल्लेखनीय है कि शनिवार को तबियत बिगड़ने पर 89 वर्षीय कल्याण सिंह को अस्पताल में भर्ती किया गया।