आगरालीक्स…(22 July 2021 Agra News) आगरा में बाजार धीरे—धीरे पटरी पर लौटने लगे हैं. खरीदार भी बढ़ रहे हैं. ऐसे में दुकानदारों का कहना है कि अब सप्ताह में एक दिन की बंदी हो
व्यापारियों को मिल रही राहत
आगरा में कोरोना के केस कम होने से सरकार की ओर से व्यापारियों को लेकर लगातार राहत दी जा रही है. व्यापार भी अब धीरे—धीरे ही सही लेकिन गति पर आना शुरू हो गया है. व्यापारियों में इसको लेकर उत्साह भी है. बाजारों में खरीदार भी आना शुरू हो गए हैं. शाम के समय बाजारों में खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ भी दिखाई देती है. बता दें कि आगरा में इस समय सप्ताह में पाचं दिन यानी सोमवार से शुक्रवार और सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बाजार खोलने की परमीशन दी गई है.
एक दिन की हो बंदी
लगातार राहत पा रहे व्यापारियों का कहना है कि आगरा में कोरोना के केस लगभग न की स्थिति में हैं. यही हाल प्रदेश के अन्य जिलों में भी है. इस समय प्रदेश में एक दिन में 60 से 70 के करीब कोरोना मरीज हर दिन मिल रहे हैं. ऐसे में व्यापारियों का कहना है कि अगर सरकार शनिवार और रविवार की बंदी को खत्म् करके सिर्फ एक दिन की ही बंदी बाजारों के हिसाब से लागू कर दे तो इससे व्यापारियों को सबसे बड़ी राहत मिलेगी.
शनिवार—रविवार को ही होती है शापिंग
इधर व्यापारियों का कहना है कि सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में छुट्टी रविवार को होती है. कस्टमर्स भी शनिवार और रविवार को ही खरीदारी करना पसंद करते हैं. अब सरकार को इन दोनों दिनों की बंदी को समाप्त कर देना चाहिए. व्यापारियों का कहना है कि शनिवार और रविवार को बाजार खुलेंगे तो बाजार कोरोना के कारण छाई मंदी से उबर सकेंगे.