आगरालीक्स…(4 August 2021 Agra News) आगरा में 200 मीटर के डिस्टेंस के अंदर बैग में से चोरी हो गया 10 लाख का सोना. बाजार में भीड़ के अंदर से किसी ने कर दिया पार
आगरा में सोने की चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. आगरा के किनारी बाजार में 200 मीटर की दूरी के अंदर से किसी ने सराफा कारीगर के बैग में रखे करीब 10 लाख के जेवरात चोरी कर लिए. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. घटना सोमवार की है और किनारी बाजार की है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नमक की मंडी में नूर ज्वेलर्स नाम से सराफा की दुकान है. इसके मालिक अब्दुल जोशिन हैं. बताया जाता है कि उनका कर्मचारी तारीफ बैग में 250 ग्राम सोने के जेवरात लेकर होलमार्क कराने अपनी दुकान से 200 मीटर दूर यश होलमार्क की दुकान पर पहुंचा.
यहां उसने एक घंटे में काम होने के बाद जेवरात एक बॉक्स में रख लिए. बॉक्स को उसने बैग में डाल लिया. इसे लेकर वो बाजार में चल दिया. बताया जाता है कि उसम समय बाजार में भीड़ भी थी. जब तारीफ दुकान पर पहुंचा तो उसने बैग की चेन खुली हुई देखी. इस पर उसके होश उड़ गए. बैग के अंदर देखा तो उसमें रखा बॉक्स भी गायब था. चोरी की जानकारी होने पर मौके पर अन्य सराफा कारोबारी एकत्रित हो गए. घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने घटना को लेकर कारीगर और सराफा कारोबारी से पूछताछ भी की है. सीओ कोतवाली अर्चना सिंह ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि बाजार में पूछताछ की गई है. सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं. सराफ ने जेवरातों का वजन नहीं लिखा है. उनसे बिल मांगे गए हैं इसके बाद ही साफ होगा कि कितना सेना चोरी हुआ है. हालांकि बताया जाता है कि बैग में 250 ग्राम सोना रखा हुआ था जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है. वहीं चर्चा है कि बॉक्स में 750 ग्राम सोना था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.