आगरालीक्स…(4 August 2021 Agra News) आगरा में टाइटन कंपनी ने नकली घड़ियां बेचे जाने की सूचना पर मारे छापे. कुछ नहीं मिला तो व्यापारी पहुंंच गए थाने. कहा—जांच के नाम पर हो रहा उत्पीड़न
जांच के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न
टाइटन कंपनी द्वारा आगरा में कॉपीराइट के तहत नकली टाइटन वॉच बेचे जाने की सूचना पर लगातार दुकानों पर छापा मारा जा रहा है और व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है. व्यापारियों द्वारा विनय कामरा प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल को सूचित किया गया कि दिल्ली से आई हुई कंपनी की टीम द्वारा जांच के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है.
मंगलवार को मारे छापे
व्यापारी विनय कामरा ने बताया कि मंगलवार को टाइटन कंपनी की टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र की कई घड़ी की दुकानों पर छापे मारे. उन्हें यहां पर कंपनी की नकली घड़ियां बेचे जाने की सूचना मिली थी, लेकिन टीम को इन दुकानदारों के पास से कुछ नहीं मिला. विनय कामरा ने बताया कि दुकानदारों के यहां किसी भी तरीके का टाइटन का कोई नकली माल नहीं बरामद हुआ. इस पर सभी दुकानदार विनय कामरा के साथ थाना कोतवाली पहुंच गए.
नहीं बर्दाश्त होगा व्यापारियों का उत्पीड़न
विनय कामरा ने टाइटन के अधिकारियों एवं पुलिस टीम से कहा कि अगर व्यापारियों के यहां किसी भी तरीके का गलत माल बरामद होता है तो हम उनका समर्थन नहीं करेंगे, लेकिन अगर जानबूझकर किसी भी गलत सूचना पर बो्गस मुखबिर की सूचना पर व्यापारियों का उत्पीड़न होगा तो वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर कंपनी का छापा किसी भी व्यापारी के यहां पड़ता है और उसके यहां कुछ नहीं मिलता है फिर भी उसके सम्मान एवं प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है.
व्यापारी एकत्रित हुए
आगरा वॉच ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष समित अरोरा एवं संजय कुमार युवा प्रदेश मंत्री एवं किनारी बाजार पवन मार्केट के समस्त व्यापारी बड़ी मात्रा में पवन मार्केट में एकत्रित हुए और वहीं से व्यापारी थाना कोतवाली में पहुंच गए. विनय कामरा ने सीओ कोतवाली अर्चना सिंह से इस सिलसिले में शिकायत की और क्षेत्राधिकारी द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि अगर कंप्लेंट करने वाला लगातार कंपनी वालों को गलत सूचना देता है तो उसके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्राधिकारी द्वारा टाइटन कंपनी वालों से भी कहा गया कि वह सही सूचना पर ही किसी की दुकान पर छापा मारें जिससे व्यापारी की प्रतिष्ठा को ठेस ना पहुंचे.