फीरोजाबादलीक्स(11th August 2021)… चौकी से दस मीटर दूर थाना नारखी क्षेत्र के गांव में बदमाशों का धावा। भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश कोषाध्यक्ष के घर डकैती। फायरिंग से सनसनी।
घर पर सो रहा था परिवार
नारखी क्षेत्र के गांव तजापुर में इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य यशपाल सिंह मंगलवार रात परिजनों के साथ घर पर सो रहे थे। उनका बेटा अरुण प्रताप सिंह भाकियू भानु के प्रदेश कोषाध्यक्ष हैं। मंगलवार देर रात बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। सभी कमरों के गेटों की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद बदमाश एक कमरे में रखी चार लाख रुपये, सोने के आभूषण ले गए।
बिजली गुल होने पर जागे
तभी अचानक बिजली गुल हो गई। तब उनकी और परिजनों की आंख खुली। देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद वह कमरे का दरवाजा तोड़कर जैसे—तैसे बाहर निकाला। तब तक आसपास के लोग भी आ गए।
पीछा कर फायरिंग की
अरुण प्रताप ने बताया कि उन्होंने भागते समय बदमाशों का पीछा किया। अपनी लाइसेंसी रायफल से फायरिंग की। बदमाशों ने भी जवाबी फायरिंग की। पीड़ित अरुण ने बताया कि उनका घर तजापुर पुलिस चौकी से दस मीटर दूर है। सुबह जानकारी पर लोगों ने चौकी का घेराव किया। नारेबाजी की। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में लगी है।