आगरालीक्स…(20 September 2021 Agra News) मालगाड़ी की 40 से अधिक बोगियां पटरी से उतरीं. ट्रैक किनारे चार बच्चे बोगियों के नीचे दबे. एक बच्चे की मौत
सोमवार शाम को बड़ा रेल हादसा हो गया. डीएफसी ट्रैक पर एक मालगाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.हादसा इतना जबर्दस्त था कि मालगाड़ी की 40 से अधिक बोगियां पटरी से उतर गईं. कई बोगियां तो एक दूसरे के ऊपर चढ़ गई और कुछ रेलवे ट्रैक से उतरकर किनारे जा गिरीं. हादसे में ट्रैक किनारे पशु चरा रहे चार बच्चे बोगियों के नीचे दब गए जिनमें से एक की मौत हो गई. सूचना पर टूंडला जंक्शन से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन मौके पर भेजी गई और बचाव कार्य किया जाने लगा. हादसा सोमवार शाम पांच बजे का बताया गया है. डीएफसी ट्रैक पर इटावा जिले के न्यू भदान और इकदिन रेलवे स्टेशन के बीच फूलपुर गांव के पास से ये ट्रैक गुजर रहा है. भाऊपुर जा रही बीएससीएस मालगाड़ी सोमवार करीब पंच बजे अनियंत्रित होकर पटरी से उतर गई. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इन बोगियां में लाइम स्टोन भरा हुआ था. इसके बावजूद कई बोगियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं.
चार बच्चे दबे, एक की मौत
मालगाड़ी की कई बोगियां किनारे ट्रैक से उतरकर पलट गईं. इस कारण वहां पर उस समय पशु चरा रहे चार बच्चे बोगियों के नीचे दब गए. सूचना पर लोगों ने किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला. एक बच्चे की मौत हो गई और दो बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हे सैफई भेजा गया है. सूचना पर टूंडला से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन मौके पर भेजी गई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राहत व बचाव कार्य अभी किए जा रहे हैं.रेलवे के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं.