लखनऊलीक्स(25th September 2021 )… विधानसभा चुनावों में युवाओं को मौका देगी बसपा. लॉयल्टी टेस्ट शुरू.
50 प्रतिशत से ज्यादा युवाओं को टिकट दे सकती है बसपा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में अब कुछ ही महीने बचे हैं। सभी दल अपनी चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती आने वाले चुनावों में युवाओं को ज्यादा मौका देने पर विचार कर रही हैं। पार्टी इस बार 50 फीसद से ज्यादा युवाओं को टिकट दे सकती है। जिसके लिए लॉयल्टी टेस्ट शुरू हो गया है।
सोशल मीडिया का कर रही प्रयोग
बीएसपी युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए पार्टी से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया का भी प्रयोग कर रही हैं। मायावती फेसबुक, ट्विटर के माध्यम से अपना संदेश युवाओं तक पहुंचा रही हैं। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव के बेटे कपिल मिश्रा विधानसभा चुनाव से पहले काफी सक्रिय हो गए हैं। उन्हें पार्टी का नेशनल मीडिया कोआॅर्डिनेटर बनाया गया है। कपिल मिश्रा राज्य के अलग—अलग शहरों में युवा सम्मेलन कर रहे हैं।

युवा सम्मेलन में बताया भाजपा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कैसे सक्रिय रहें
लखनऊ में हाल ही में आयोजित युवा सम्मेलन में उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के टिप्स दिए कि भाजपा सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर कैसे सक्रिय रहना है। उन्होंने युवाओं को यह भी बताया कि मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने में सोशल मीडिया की किस तरह मदद ली जा सकती है। बीएसपी के राष्ट्रीय समन्वय और मायावती के भतीजे आकाश आनंद भी बीएसपी के लिए पूरे देश में बसपा को मजबूत करने की कवायद कर रहे हैं। युवाओं को लगातार पार्टी से जोड़ रहे हैं। पंजाब के शिरोमणि अकाली दल और बीएसपी गठबंधन की तैयारी कर 2022 पंजाब चुनाव की तैयारी में लग गए हैं।
युवाओं को लगातार आगे आने की बात कह रहीं मायावती
बसपा के वरिष्ठ नेता ने बताया कि मायावती युवाओं को लगातार आगे आने की बात कह रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फेसबुक और ट्विटर के जरिये बसपा की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।