फिरोजाबादलीक्स…अपने इंग्लैंड वाले दोस्त से शादी की तमन्ना में 4.19 लाख रुपये गंवा बैठी युवती. एक बच्ची की मां है युवती, लेकिन कर बैठी ये काम…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक युवती के साथ 4.19 लाख् रुपये की ठगी हो गई है. युवती फेसबुक पर मिले अपने इंग्लैंड वाले दोस्त से शादी करना चाहती थी. इंग्लैंड वाले दोस्त ने कहा कि वह एयरपोर्ट पर आ गया है लेकिन उसके डॉलर एक्सचेंज नहीं हो रहे हैं. इस पर युवती ने अपने इंग्लैंड वाले दोस्त की मदद को 4.19 लाख रुपये भेज दिए लेकिन इसके बाद न दोस्त का पता है न उसका मोबाइल चालू है. युवती पहले से शादीशुदा है और उसके एक बच्ची भी है. शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
युवती फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र की रहने वाली है. उसका पति राजस्थान में एक कंपनी में जॉब करता है. युवती ने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर उसकी एक युवक से दोस्ती हुई थी जो कि इंग्लैंड का रहने वाला था. इसके बाद फोन पर भी बात होने लगी. युवक ने उसे शादी का झांसा दिया. 14 नवंबर को फोन करके उसने बताया कि वह उससे शादी करना चाहता है और इंग्लैंड से भारत आ गया है लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर डॉलर एक्सचेंज में उसकी रकम फंस गई है. उसने युवती से रुपयों की मांग की. युवती ने चार बार में आनलाइन उसके पास 4.19 लाख रुपये भेज दिए. इसके बाद उस दोस्त का मोबाइल बंद हो गया. पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है.