आगरालीक्स…आगरा में ट्रक के ओवरटेक करने में हुआ एक्सीडेंट. ट्रैक्टर सवार तीन लोग नहर में जा गिरे…भगवान बनकर पहुंचे लोग
दुर्घटना से देर भली स्लोगन के जरिए लोगों को हादसों से बचने के लिए जागरूक किया जाता है लेकिन कई लोग जल्दबाजी में हादसे का शिकार हो जाते हैं. कुछ ऐसा ही मामला आज आगरा में सामने आया, जहां एक ट्रक के ओवरटेक करने के चक्कर में एक ट्रैक्टर नहर में जा गिरा. इसके नीचे तीन लोग दब गए. मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत ही तीनों फंसे लोगों को बाहर निकाला. तीनों के हल्की चोटें आई हैं.

मामला आगरा के थाना ताजगंज अंतर्गत रोहता नहर का है. बताया जाता है कि बेहटा गांव पुल पर दोपहर को एक ईंटों से भरा हुआ ट्रैक्टर आगरा की तरफ आ रहा था. ट्रैक्टर के पीछे तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे ओवरटेक किया. इससे ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह हड़बड़ाहट में ट्रैक्टर सहित नहर में जा गिरा. उसके साथ दो लोग भी नहर में गिर गए. ये देखकर तुरंत ही मौके पर लोग पहुंचे और पानी के अंदर ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला. तीनों को हल्की चोटें आई हैं.