आगरालीक्स.. आगरा में जोंस मिल का केस लड रही एडवोकेट कपिल पवार की हत्या उनकी सास ने प्रोपर्टी डीलर के साथ मिलकर 10 लाख में कराई थी, सास सहित तीन हत्यारोपी अरेस्ट. सास शिमला के साथ हत्यारोपी राहुल और अनवर को भी गिरफ्तार कर लिया है। प्रोपर्टी डीलर जीतू यादव फरार है।
आगरा के जोंस मिल परिसर में रह रहे और जोंस मिल की अरबों की संपत्ति के केस की पैरवी कर रहे एडवोकेट कपिल अग्रवाल 26 अक्टूबर को घर से गायब हो गए थे, 29 अक्टूबर को उनका इटावा के भरथना में नहर के पास शव मिला था।
सास ने 10 लाख में कराई हत्या
एडवोकेट कपिल पवार उर्फ केपी यश की शादी बागपत निवासी ममता पवार से हुई थी, ममता पवार आगरा में तैनात थी, यहां से उनका तबादला प्रयागराज कर दिया गया, वहां 24 सितंबर 2019 को ब्रेन हेमरेज हुआ और 27 सितंबर को उनकी मौत हो गई। उनकी एक बेटी है, सात साल की बेटी पिता कपिल पवार के साथ रह रही थी, देखभाल के लिए ममता पवार की मां शिमला आगरा में आ गईं थी। ममता पंवार के नाम से दो प्लॉट, दो फ्लैट और एक दुकान है। पुलिस पूछताछ में सास शिमला ने पुलिस को बताया कि केपी यश ममता पवार द्वारा खरीदी गई प्रोपर्टी को अपने नाम करवाना चाह रहे थे। इसका सास विरोध कर रही थी, सास शिमला ने प्रोपर्टी डीलर जीतू यादव को कपिल पवार की हत्या की सुपारी दी।
शराब पिलाने के बाद की हत्या
प्रोपर्टी डीलर जीतू ने राहुल और अनवर को साथ लेकर हत्या की योजना बनाई। उन्होंने कपिल यादव को 26 अक्टूबर को आगरा स्थित प्लॉट पर बुलाया, यहां शराब पिलाई, अंडे की भुर्जी में नशे की गोली मिलाकर दी। कार में ले गए। बेहोश होने पर सीट बेल्ट से गला घोट दिया। शव को ले इटावा में भरथना नहर में फेंक आए थे।