आगरालीक्स… आगरा में दाऊजी मिष्ठान भंडार के प्रतिष्ठानों का वाणिज्य कर विभाग की टीम द्वारा सर्वे किए जाने से मिष्ठान विक्रेताओं में रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रतिष्ठानों को बंद कर विरोध प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है। सोमवार को कारोबारी वाणिज्य कर विभाग कार्यालय पर अपना पक्ष रखेंगे।
आगरा स्वीट्स एंड मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि श्री दाऊजी मिष्ठान भंडार प्रा.लि. पंजीकृत फर्म है। सर्वे के दौरान वाणिज्य कर विभाग की टीम को पंजीकरण समेत सभी दस्तावेजों को दिखाया गया है।
वाणिज्यकर अफसरों से मिलेंगे
एसोसिएशन के सचिव और एव श्री दाऊजी मिष्ठान भंडार के संचालक जय अग्रवाल का कहना है कि उनके सिर्फ तीन प्रतिष्ठान भगवान टाकीज, कमलानगर और नुनिहाई में हैं और सभी पंजीकृत है। उनके नाम से मिलते-जुलते प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई हुई है और संभवतः उन्ही से धनराशि जमा कराई गई है। उन्होंने कहा कि उनके यहां 11 माह में यह दूसरी बार सर्वे है। इस बात की जानकारी एसोसिएशन को होने पर उनमें रोष व्याप्त है। व्यापारी आज ही वाणिज्य कर विभाग कार्यालय पर जाने वाले थे, लेकिन बारवफात का अवकाश होने पर इसे स्थगित कर दिया है। सोमवार को सभी मिष्ठान कारोबारी वाणिज्यकर अधिकारियों से मुलाकात कर अपना पक्ष रखेंगे।