आगरालीक्स…आगरा आर्थोपेडिक सोसाइटी ने शुरू किया ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’. जन आंदोलन बनाने का लिया संकल्प. जानिए क्या है यह अभियान और क्यों है खास
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी द्वारा शहरव्यापी जन-स्वास्थ्य अभियान ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ का औपचारिक शुभारम्भ शनिवार को किया गया। इस अवसर पर अभियान के आधिकारिक पोस्टर का भी संयुक्त रूप से लोकार्पण किया गया। अभियान का उद्देश्य हड्डियों, जोड़ों, मांसपेशियों और रीढ़ से संबंधित समस्याओं की रोकथाम, समय पर पहचान तथा वैज्ञानिक परामर्श के माध्यम से आगरा के नागरिकों को अधिक सक्रिय, सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।अभियान का मुख्य संदेश है:
“Better Bones • Better Life • Better Agra”
“One City • One Movement • One Community”
कार्यक्रम में AOS अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने सभी अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं सक्रिय नागरिक ही एक स्वस्थ और प्रगतिशील शहर की नींव होते हैं। AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ केवल स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला नहीं, बल्कि चिकित्सा विशेषज्ञों, प्रशासन, पुलिस, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, मीडिया और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से चलाया जाने वाला जन-आंदोलन है। परियोजना चेयरमैन डॉ. डी. वी. शर्मा के मार्गदर्शन में AOS के ऑर्थोपेडिक सर्जन अगस्त माह के दौरान पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, कार्यालय एवं औद्योगिक कर्मचारियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आवासीय समुदायों के लिए जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), आगरा पुलिस, लायंस क्लब्स इंटरनेशनल, उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (UPOA) तथा इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (IOA) अभियान के प्रमुख संस्थापक सहयोगी हैं। कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में लायन अजय भार्गव; सीनियर सिटीजन सोसायटी के श्री अनुराग जैन; शांति सेना की श्रीमती वत्सला प्रभाकर; IMA के डॉ. करण रावत; ट्रैफिक सपोर्ट टीम के श्री सुनील खेत्रपाल तथा मोटर स्पोर्ट्स क्लब के श्री राम कपूर शामिल रहे।
सभी वक्ताओं ने अभियान को शहर की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ‘आगरा मूव्स बेटर’ को हड्डी, जोड़, मांसपेशी और रीढ़ के स्वास्थ्य के लिए एक प्रभावशाली जन-आंदोलन बनाया जाएगा। बैठक में रोटरी की ओर से रोटेरियन थान सिंह एवं श्री अशोक टंडन, अधिवक्ता श्री अखिलेश शर्मा तथा सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता श्री अपूर्व शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक, सामुदायिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ये संस्थाएं हुई अभियान में शामिलअभियान से जुड़ने वाली संस्थाओं में सीनियर सिटीजन सोसायटी, शांति सेना, एन्थम रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, टाइम बैंक ऑफ इंडिया, युवा चतुर्वेदी मंच, आई-सर्व खुशियों के पल, वेकअप आगरा, ब्रज विकास संस्थान, नवकल्याणम् सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन, लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321C2, रोटरी क्लबों, ट्रैफिक सपोर्ट टीम, मोटर स्पोर्ट्स क्लब, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थाओं, उद्योग एवं CSR सहयोगियों और स्वयंसेवी समूहों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
डॉ. मुकेश गोयल, डॉ. अशोक विज, डॉ. गंभीर सिंह सिकरवार, डॉ. मेघल गोयल, डॉ. दिव्यांशु मोहनिया तथा आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी के अन्य सदस्य अभियान को सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे।
अभियान की पहली प्रमुख गतिविधि
रविवार को पुलिस लाइन, आगरा में पुलिस परिवारों एवं महिला पुलिसकर्मियों के लिए ‘अस्थि एवं तंत्रिका स्वास्थ्य जाँच शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इसमें BMD जाँच, पैरों की स्पर्श-संवेदना जाँच, चयनित लाभार्थियों की Vitamin-D जाँच तथा ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया एवं तंत्रिका संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह कार्यक्रम आगरा पुलिस की ‘वामा सारथी’ योजना के सहयोग से आयोजित होगा। अगस्त माह में विद्यालयों में ‘Grow Straight India’, कार्यालयों में ‘Posture India’, वरिष्ठ नागरिकों के लिए गिरने से बचाव, स्वास्थ्यकर्मियों के लिए कार्यस्थल एर्गोनॉमिक्स तथा विभिन्न समुदायों में हड्डी स्वास्थ्य, व्यायाम, पोषण और चोट से बचाव संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।