आगरालीक्स…आगरा के भावना एस्टेट में सज रही जनकपुरी की तैयारियां जोरों पर. भाजपा महानगर अध्यक्ष और सर्व ब्राह्मण कुल समाज समिति ने महाआरती में लिया भाग
उत्तर भारत की सर्वाधिक प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक रामलीलाओं में से एक जनकपुरी महोत्सव एवं भगवान श्रीराम की भव्य बारात अपनी अद्भुत भव्यता, धार्मिक आस्था एवं गौरवशाली परंपरा के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं। लगभग 149 वर्षों से यह महोत्सव निरंतर श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ आयोजित होता आ रहा है, जिसे देखने के लिए देश के विभिन्न शहरों एवं राज्यों से हजारों श्रद्धालु आगरा पहुंचते हैं। वर्ष 2026 में जनकपुरी महोत्सव के आयोजन का दायित्व भावना एस्टेट, सिकंदरा (आगरा) के निवासियों ने श्रद्धापूर्वक स्वीकार किया है। महोत्सव के अध्यक्ष राजीव यादव (राजू भाई), संतोष कटारा, मुख्य संरक्षिका आरती शर्मा, नरेंद्र शर्मा तथा भावना स्टेट के सभी निवासी इस आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
भावना एस्टेट में जनकपुरी कार्यालय की स्थापना की गई है, जहाँ प्रतिदिन सायं 7:30 बजे महा आरती का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आयोजित महा आरती में भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता, सर्व ब्राह्मण कुल समाज समिति, आगरा (पंजीकृत) के उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र पाराशर एवं संगठन मंत्री श्री आशुतोष गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनकपुरी महोत्सव समिति ने सभी अतिथियों का तिलक एवं पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।